सात बांधों पर चल रही कटानरोधी कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। राप्ती और गोर्रा नदी से प्रभावित 116 गांवों को बचाने के लिए बने सौ किमी बांध पर कटानरोधी कार्य चल रहा है। यहां दो नदियों के बीच बसे 52 गांवों और कछार के 64 गांवों पर बाढ़ का खतरा बना रहता है। रुद्रपुर में बाढ़ प्रभावित गांव को बचाने के लिए बनाए गए तटबंधों पर कटान स्थलों को दुरुस्त किया जा रहा है।
बांधों पर बने रेन कट्स, रैट होल और शाही के माद भरे जा रहे हैं। कटानरोधी कार्य के लिए करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से निरोधात्मक कार्य हो रहा है। गोर्रा नदी पर भुसवल पिंडरा बांध, पिडरा करनपुर बांध, पांडे माझा जोगिया बांध और राप्ती नदी पर तिघरा मराछी बांध पर एकौना और नगवा छपरा बांध के सुदृढ़ीकरण का कार्य चल रहा है। मदनपुर के बिन टोलिया और भेड़ी कटान स्थल पर कटान निरोधक कार्य प्रगति पर है।
बाढ़ खंड के एसडीओ रविशंकर यादव ने बताया कि नगवा छपरा में 360 लाख रुपये की लागत से सुदृढ़ीकरण का कार्य चल रहा है। तिघरा मराछी बांध पर भेडी कटान स्थल पर 84 लाख रुपये की लागत से निरोधात्मक कार्य कराया जा रहा है। भुसवल-पिड़रा व पिड़रा- करनपुर, पांडे माझा आदि बांधों पर युद्ध स्तर पर निरोधात्मक कार्य जारी है। बरसात आने के पहले सारे बंधे दुरुस्त हो जाएंगे। आपदा प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा का व्यापक इंतजाम किया जा रहा है।