सलेमपुर। गहन मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत विधानसभा क्षेत्र के कार्यालय में सोमवार को एक कार्यशाला आयोजित हुई। जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, कार्यक्रम के जिला संयोजक गंगाशरण पांडेय और विधानसभा संयोजक अभिषेक जायसवाल ने भारत मां के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। मुख्य अतिथि ने कहाकि एसआईआर के बारे में कार्यकर्ता घर घर जाकर लोगों को समझाएं और जागरूक करें। इसको लेकर आम जन मानस में जागरूकता जरूरी है। इस कार्य में सभी कार्यकर्ता अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
कार्यकर्ता बीएलओ 2 बनकर अपने क्षेत्र के बीएलओ से मिलकर गहन मतदाता पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करें। चुनाव आयोग ने भी भरोसा दिलाया है कि जब तक किसी मतदाता को पूरा मौका और समय नहीं दिया जाता, तब तक उसे वोटर लिस्ट से नहीं हटाया जाएगा। आयोग केवल उन्हीं नामों को हटाएगा जिनकी मृत्यु हो चुकी है, जिनके नाम दो जगह दर्ज हैं या जिनका ठिकाना पता नहीं चल रहा है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि कई गांवों में ऐसे नाम वोटर लिस्ट में दर्ज हैं, जो वहां रहते ही नहीं ऐसे मामलों में चुनाव आयोग सक्रिय होकर सुधार कर रहा है। इसका मकसद किसी को वंचित करना नहीं, बल्कि सूची को साफ और सटीक बनाना है। इस अवसर पर जिला संयोजक गंगाशरण पांडेय, जिला उपाध्यक्ष गंगा सिंह कुशवाहा, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमरेश सिंह, मंडल अध्यक्ष पुनीत यादव मौजूद रहे।