देवरिया। जिले के प्रभारी मंत्री एवं परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने मंगलवार को निरीक्षण भवन में कोर समिति की बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की। बरसात से खराब सड़कों को अभियान चलाकर गड्ढामुक्त करने के साथ बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश दिए।
विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि प्रभारी मंत्री ने खराब ट्रांसफाॅर्मर समय से बदलने, जर्जर तारों की समस्या दूर करने और उपभोक्ताओं की शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने को कहा। अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर जरूरी संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।
बैठक में सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, ग्राम्य विकास राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, जयप्रकाश निषाद, सुरेंद्र चौरसिया, सभाकुंवर, एमएलसी रतन पाल सिंह, डीएम मधुसूदन हुल्गी और एसपी अभिजित आर शंकर मौजूद रहे।