देवरिया। मुख्य विकास अधिकारी प्रत्यूष पांडेय की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सलाहकार समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति की त्रैमासिक बैठक गांधी सभागार विकास भवन में हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद-एक उत्पाद योजना, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना और माटीकला योजना में लक्ष्य से अधिक उपलब्धि पर जनपद की सराहना की।
साथ ही, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों को सीसीएल ऋण वितरण में जनपद की राज्यस्तरीय उत्कृष्टता की भी प्रशंसा की। बैठक में सभी शासकीय योजनाओं, स्वयं सहायता समूहों, किसान क्रेडिट कार्ड, व्यवसाय ऋण, और पीएम स्वनिधि से संबंधित ऋण प्रकरणों को समय पर स्वीकृत और वितरित करने का निर्देश दिया गया। समीक्षा के दौरान बताया गया कि सितंबर तिमाही में जनपद का ऋण-जमानुपात रेशियो 41.57 प्रतिशत रहा।