देवरिया। निराश्रित गोवंश संरक्षण हेतु संचालित गोआश्रयों के संचालन, प्रबंधन और संरक्षित गोवंश के भरण-पोषण की स्थिति का जायज़ा लेने के लिए नोडल अधिकारी डॉ. संजय कुमार श्रीवास्तव, अधीक्षक मंडलीय प्रयोगशाला गोरखपुर ने गुरुवार को जनपद के विभिन्न आश्रय स्थलों का निरीक्षण किया। उनके साथ पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सतीश कुमार भी मौजूद रहे।
निरीक्षण की शुरुआत कान्हा गोशाला गौरीबाजार से हुई, जहां व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई। इसके बाद दल अस्थाई निराश्रित गौआश्रय स्थल बैतालपुर के बलटिकरा पहुंचा। नोडल अधिकारी ने भूसा गृह का निर्माण जल्द कराने, ठंड से बचाव हेतु काउ कोट, तिरपाल तथा अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पराली संग्रहण व साइलेंज की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। अशक्त और बीमार पशुओं के लिए बनाए गए आइसोलेशन रूम की भी सराहना की। उन्होंने पशुओं के टीकाकरण एवं बधियाकरण की 100 प्रतिशत ऑनलाइन फीडिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया तथा मृत पशुओं का सम्मानजनक ढंग से निस्तारण करने के लिए केयर टेकर को कड़ी हिदायत दी।