पैकौली। रविवार को खेत से घर लौट रही महिला बाइक की चपेट में आकर घायल हो गई थी। बुधवार की सुबह गोरखपुर में एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सुरौली थाना क्षेत्र के बैंदा गांव के कुरना टोला निवासी निर्मला देवी (50) पत्नी जगदीश यादव रविवार की दोपहर खेत से काम निपटाकर घर लौट रही थीं। बैंदा-बिंदवलिया मार्ग पर गांव के पास पहुंची थीं, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे गांव के ही बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही निर्मला सड़क पर गिर पड़ीं। उनके सिर में गंभीर चोट आई थी।
परिजन के अनुसार, सुबह गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निर्मला की मौत हो गई। निर्मला के पति जगदीश यादव बहरीन में रहकर मजदूरी करते हैं। पत्नी के घायल होने की सूचना मिलने पर वह मंगलवार को घर लौटे थे।