संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। मायापुर गांव निवासी बीकॉम छात्र की सड़क हादसे में बृहस्पतिवार को मौत हो गई। बनकटा तिवारी गांव स्थित छोटी गंडक नदी तट पर उसका अंतिम संस्कार किया गया।
जानकारी के अनुसार, भटनी थाना क्षेत्र के मायापुर गांव निवासी हर्षनाथ तिवारी (20) बीकॉम द्वितीय वर्ष का छात्र था। वह बुधवार की शाम बाइक से खामपार थाना क्षेत्र के भिंगारी बाजार किसी कार्य से गया था। लौटते समय बंधी मठ स्कूल के पास अचानक एक पशु के सामने आ जाने से वह बाइक से अनियंत्रित होकर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए भटनी सीएचसी लाया गया, जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
बृहस्पतिवार सुबह इलाज के दौरान छात्र की मौत हो गई। पिता आसनारायण तिवारी, मां उमा देवी, भाई रौनक, बहन जागृति का रो-रोकर बुरा हाल है।