दो दिन पूर्व हुई मारपीट में घायल वृद्ध की मौत
खामपार थाना के ग्राम निशानियां पैकौली की है घटना
अमर उजाला ब्यूरो
भाटपाररानी । खामपार थाना के ग्राम निशनिया पैकौली में दो दिन पूर्व बांस काटने के विवाद को लेकर हुई दो पक्षों के बीच मारपीट में बुधवार को घायल 70 वर्षीय वृद्ध बुद्धू ठाकुर की इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में मौत हो गई । सूचना पाकर घर आए शव को खामपार पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ।
ग्राम निशनिया पैकौली निवासी बुद्धू ठाकुर और रामसेवक ठाकुर के बीच 18 मई 2020 को बांस काटने के विवाद में मारपीट हो गई थी। इसमें बुद्धू ठाकुर सहित चार लोग घायल हो गए थे। बुद्धू ठाकुर की पत्नी गुलईची देवी की तहरीर पर पुलिस ने इस घटना में एनसीआर दर्ज कर लिया था। गंभीर अवस्था में घायल बुद्धू ठाकुर का इलाज मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में चल रहा था। उनकी बुधवार की सुबह मौत हो गई। शव घर आने पर पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । थानाध्यक्ष सुदेश शर्मा ने बताया कि इस घटना में एनसीआर पहले ही दर्ज हो चुका था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी ।
ट्रेन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत
अहिल्यापुर रेलवे स्टेशन के पास हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। सदर कोतवाली के अहिल्यापुर रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से कटकर एक वृद्ध की मौत हो गई। उनकी पहचान देवरिया अमीर गांव निवासी राम सुग्रीव के रूप में हुई। देवरिया मीर गांव निवासी राम सुग्रीव (70) प्रतिदिन रेलवे लाइन पकड़कर अहिल्यापुर मंदिर की तरफ घूमने जाते थे। बुधवार की सुबह वह घर से घूमने के लिए निकले थे। लौटते समय किसी ट्रेन की चपेट में आ गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी। आसपास के लोगों ने सदर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस शव के शिनाख्त के में जुट गई। उसी दौरान देवरिया मीर गांव निवासी राम नयन पहुंचे और शव की पहचान अपने पिता राम सुग्रीव कुशवाहा के रूप में की। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूर्ण कर शव का पोस्टमार्टम कराया। राम सुग्रीव की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। सदर कोतवाल टीजे सिंह ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवार वालों को सौंप दिया गया है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।