देवरिया। मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में रविवार को जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर 2609 मरीज देखे गए। इसमें अधिकतर मौसम जनित चर्म रोगों से पीड़ित रहे।
208 मरीजों के रक्त की जांच की गई। इसमें मलेरिया के लक्षण वाले 154, डेंगू के लक्षण वाले 18, हेपेटाइटिस बी के लक्षण वाले 47, हेपेटाइटिस सी के लक्षण वाले 19 मरीज मिले। इन मरीजों को प्रारंभिक दवा देकर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
भागलपुर संवाद के अनुसार लगातार बढ़ती गर्मी और उमस के कारण फंगल इंफेक्शन से संबंधित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। आरोग्य मेले में खुजली, घमौरी, फंगल इंफेक्शन, दाद, एलर्जी के मरीज ज्यादा पहुंचे। इस तरह के मरीजों की संख्या करीब 50 प्रतिशत रही।
डॉ. अविनाश मौर्य ने मरीजों का इलाज कर दवा दी। उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी की वजह से एलर्जी से जुड़ी समस्या, फंगल इंफेक्शन, दाद, घमौरी के मरीज अधिक आए। उन्होंने बताया कि उमस के कारण शरीर में नमी बनी रहती है।
इससे बैक्टीरिया और फंगस तेजी से पनपते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों और लंबे समय तक धूप में काम करने वाले लोगों को हो रही है। बरियारपुर संवाद के अनुसार, रामपुर अवस्थी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. योगेश कुमार ने 24 मरीजों की जांच की और दवा वितरण किया।
मरीजों में दाद, खुजली और सर्दी-बुखार के मामले ज्यादा पाए गए। मईल संवाद के अनुसार, नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मईल में डॉ. अनिल प्रजापति ने 35 मरीज के स्वास्थ्य का परीक्षण किया।
इनमें अधिकतरा मरीज शुगर, गठिया, बीपी व बुखार से पीड़ित थे। नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ठेगवल दूबे में डाॅ. शोभनाथ ने 30 मरीज को देखा। इसमें अधिकतर मरीज बुखार, बीपी, पेट दर्द और बुखार के थे। बच्चे खासी, सर्दी-जुखाम से पीड़ित थे। उन्हें जांच कर दवा दी गई।