बैतालपुर। तीन दशक पुराने बरगद की घनी छांव, कमल कुंड के ऊपर बने खुले मंच और शास्त्रीय संगीत की मधुर अनुगूंज के बीच शनिवार की देर रात बरपार स्थित जागृति उद्यम केंद्र में नवनिर्मित विमला रामकृष्ण बजाज एम्फीथिएटर का लोकार्पण हुआ।
उद्घाटन के साथ आयोजित सांस्कृतिक संध्या पुरवइया में शास्त्रीय संगीत, कथक और रंगमंच की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर रात तक मंत्रमुग्ध बनाए रखा।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित आनंद मिश्र के सितार वादन, उत्कर्ष सोनी की बांसुरी और डॉ. सुदर्शन राम के तबला वादन से हुआ।
इसके बाद सार्वभौम वेद विद्यालय के छात्रों ने वैदिक मंगलाचरण प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गरिमा से भर दिया।
बजाज बियांड के चेयरमैन नीरज बजाज ने वर्चुअल माध्यम से एम्फीथिएटर का उद्घाटन करते हुए कहा कि उनकी माता विमला रामकृष्ण बजाज हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की समर्पित साधिका थीं।
सांस्कृतिक संध्या में कथक आचार्य राकेश यादव और उनकी टीम की मनमोहक प्रस्तुति ने खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम का समापन संकल्प बलिया की ओर से प्रस्तुत नाटक महानायक वीर मंगल पांडेय के मंचन के साथ हुआ। वरिष्ठ रंगकर्मी आशीष त्रिवेदी सहित कलाकारों को सम्मानित किया गया। संवाद