बरियारपुर। बदल रहे मौसम का असर अब आमजन की सेहत पर पड़ने लगा है। गांव-गांव सर्दी, जुकाम और वायरल बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। हालात यह है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरियारपुर में इलाज के लिए रोजाना बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात चिकित्सक डॉ. राजबहादुर तिवारी ने ओपीडी में पहुंचे सभी मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं। उन्होंने बताया कि मौसम में हो रहे बदलाव के कारण वायरल बुखार, सर्दी और खांसी के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं।
ऐसे में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। डॉ. तिवारी ने ग्रामीणों से साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, गुनगुना पानी पीने और बुखार या सर्दी-जुकाम जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि लक्षणों को नजरअंदाज करना बीमारी को गंभीर बना सकता है। स्वास्थ्य केंद्र पर फार्मासिस्ट अनुराग पांडेय, वार्ड बॉय सुनील शाही, स्टाफ नर्स नंदिनी विश्वकर्मा सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने दवा वितरण और मरीजों की देखभाल में सक्रिय भूमिका निभाई। सुबह से ही स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों की भीड़ लगी रही, जिसमें बच्चों और बुजुर्गों की संख्या अधिक रही।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिन से क्षेत्र में बुखार और सर्दी-जुकाम के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे लोग बड़ी संख्या में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से अपील की है कि बीमारी के शुरुआती लक्षणों को हल्के में न लें और समय रहते उपचार कराएं।