सुबह मेन लाइन का गिरा तार, दुरुस्त करने पर फीडर कर गया ब्लास्ट
- सुबह 4:45 बजे कट गई बिजली, देर शाम तक नहीं हुई बहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर कारखाना। सोमवार को इनकमिंग फीडर ब्लास्ट होने से पांडेय चक उपकेंद्र की आपूर्ति ठप हो गई। सुबह मेन लाइन के गिरे तार को दुरुस्त कर आपूर्ति शुरू करते ही इनकमिंग फीडर ब्लास्ट कर गया। इसके चलते सुबह 4:45 बजे की कटी बिजली देर शाम तक बहाल नहीं हो सकी।
सुबह कसया से आ रहे मेन लाइन का तार गिर गया। इसके चलते देसही देवरिया और पांडेय चक उपकेंद्र से आपूर्ति बंद हो गई। बारिश के चलते सुबह काम शुरू नहीं हो सका। बारिश बंद होने के बाद कर्मचारियों ने पेट्रोलिंग शुरू की। सुबह करीब 10 बजे के बाद कर्मचारी तार गिरने की जगह पर पहुंचे और उसे दुरुस्त करने लगे। इस दौरान अवर अभियंता इरफानुल्लाह अंसारी ने बिजली को होल्ड कराया। बिजली होल्ड करते ही पांडेय चक उपकेंद्र का इनकमिंग फीडर ब्लास्ट कर गया।
कर्मचारियों ने ब्लास्ट फीडर की साफ-सफाई शुरू की। सफाई पूरी करने के बाद दोपहर करीब तीन बजे फिर से बिजली को होल्ड कराया गया। लगातार दूसरी बार बिजली होल्ड होते ही इनकमिंग फीडर फिर से ब्लास्ट कर गया। दूसरी बार फीडर ब्लास्ट करने से कर्मचारियों ने इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी और फिर से साफ सफाई शुरू कर दी। देर शाम तक पांडेचक उपकेंद्र से आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
जेई इरफानुल्लाह अंसारी ने बताया कि तार दुरुस्त कराकर बिजली होल्ड करते ही इनकमिंग फीडर दो बार ब्लास्ट कर गया। फिर से ब्लास्ट हुए फीडर की सफाई शुरू कराई गई है। जल्द ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।