हादसे में बाइक सवार चाचा की मौत, भतीजा घायल
बरियारपुर/देवरिया। विशुनपुर कला गांव के पास बृहस्पतिवार की दोपहर में टेंपो की चपेट आने से बाइक सवार चाचा और भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान चाचा की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। यह घटना बगल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
बरियारपुर थाना क्षेत्र के जलपुरवा गांव निवासी अनूप (28) अपने भतीजे राजा (12) को लेकर बाइक से डीजल लाने पेट्रोल पंप पर जा रहे थे। गोरयाघाट मार्ग पर विशुनपुर कला गांव के पास टेंपो की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान अनूप की मौत हो गई। यह खबर जब घर पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया। परिजन दहाड़े मार कर रोने लगे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो चौराहे पर स्थित दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना कैद थी। इसमें हरे रंग के एक टेंपो से दोनों की ठोकर लगने से गिरते हुए पुलिस ने देखा है। पुलिस वाहन चालक की तलाश में जुट गई थी।