देवरिया। बीएसए कार्यालय में बड़े मामलों में हार्डडिस्क गायब होती रही है। शिक्षक कृष्णमोहन सिंह की खुदकुशी के मामले में बेसिक शिक्षा विभाग कार्यालय से डीवीआर की हार्डडिस्क गायब होना चर्चा का विषय बन गया है।
कृषक लघु माध्यमिक विद्यालय मदरसन के शिक्षक कृष्णमोहन सिंह की खुदकुशी मामले में बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव पर आरोप लगने के बाद जिलास्तरीय व शासन की समिति की जांच में बीएसए कार्यालय के सीसीटीवी फुटेज में कृष्णमोहन सिंह भी दिखाई दिए थे। चर्चा है कि वह बीएसए के सामने हाथ जोड़ते दिखाई दिए थे। इसका बैकअप पेन ड्राइव में जांच समिति ले गई थी। बुधवार को गोरखपुर पुलिस ने जब सीसीटीवी कैमरे को चेक किया तो डीवीआर में पुराना रिकॉर्ड नहीं मिला। बताया जा रहा है कि दो दिन पीछे की रिकार्डिंग ही दिखाई दी। इससे पीछे की रिकार्डिंग नहीं मिल सकी है। सूत्रों के मुताबिक गोरखपुर पुलिस बीएसए के आवास पर हार्डडिस्क बरामद करने जाने वाली थी। जानकारी के अनुसार एक अन्य पूर्व बीएसए के कार्यकाल में एक शिक्षक से अभद्रता के बाद डीवीआर की हार्डडिस्क को बदला गया था। हालांकि दबाव के चलते शिक्षक ने इसकी कहीं शिकायत नहीं की थी। फिर भी भयवश विभागीय लोगों ने हार्डडिस्क बदल दिया था। हालांकि इसकी पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है।