ट्रैक्टर ने छात्रा को रौंदा, मौके पर ही मौत
स्कूल से छुट्टी के बाद घर जा रही थी छात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
लार। स्कूल से छुट्टी के बाद साइकिल से घर जा रही छात्रा को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने रौंद दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। संतुष्टि के लिए परिजन उसे सीएचसी लार लेकर गए। जांच के बाद डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। छात्रा की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला।
लार थाना क्षेत्र के भठवां पांडेय गांव निवासी अनिल यादव की बेटी पूजा यादव इंटरमीडिएट की छात्रा थी। रोज की तरह सहजौर स्थित एक इंटरमीडिएट कॉलेज में पढ़ने गई थी। छुट्टी के बाद से वह साइकिल से घर जा रही थी। अभी वह सहजौर-चनुकी मार्ग पर ककरौली गांव के सामने पहुंची थी। तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे रौंद दिया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुँचे परिजन संतुष्टि के लिए उसे सीएचसी लार लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर द्वारा मौत की पुष्टि होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया है। दो भाइयों के बीच इकलौती बहन थी। उससे बड़ा भाई आकाश और छोटा भाई सोनू है। पिता विदेश रहते हैं। बेटी की मौत सूचना के बाद से ही मां बदहवास हैं। इस बाबत एसओ विनय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।