कोरोना से जंग जीत चुके लोगों की जांची जाएगी रोग प्रतिरोधक क्षमता
देवरिया। जनपद में कोरोना से जंग जीत चुके लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता की जांच की कवायद शुरू कर दी गई है। इसके मद्देनजर तीन सौ लोगों से बात की गई है। इनमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से सौ लोगों के ब्लड का नमूना लिया जाएगा और केजीएमयू लखनऊ भेजा जाएगा ताकि विकसित इम्युनिटी की जानकारी हो सके।
कोविड-19 महामारी की रोकथाम एवं बचाव के लिए स्वास्थ्य महकमा गंभीर है। कोविड-19 से जंग जीत चुके लोगों में रोग प्रतिरोधक क्षमता का डाटा जुटाया जा रहा है। इसके लिए प्रदेश में सर्वे कराया जा रहा है। इसके तहत 394 लोगों की सूची सीएमओ कार्यालय को भेजी गई है। सूची मिलने के बाद सीरो सर्विलांस अभियान के तहत इंटीग्रेटेड डिजिज सर्विलांस प्रोग्राम (आईडीएसपी) टीम के इपिडेमियोलाजिस्ट राजीव भूषण पांडेय, डाटा मैनेजर रविजीत बहादुर सिंह व डाटा इंट्री ऑपरेटर नागेंद्र कुमार सक्रिय हो गए। टीम सूची के अनुसार, वर्ष 2020 में संक्रमित रह चुके लोगों से संपर्क में जुट गई है। टीम अब तक तीन सौ लोगों से ब्लड का सैंपल लेने के लिए बात कर चुकी है। इसमें सौ लोगों के ही ब्लड के ब्लड के नमूने लिए जाएंगे। इसके लिए भी टीमें गठित कर दी गई हैं। आईडीएसपी टीम की सूचना पर सैंपल लेने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। सैंपल कलेक्शन के लिए 31 दिसंबर तक का समय निर्धारित किया गया है, लेकिन संभावना व्यक्त की जा रही है। टीमें निर्धारित समय से पहले ब्लड का नमूना लेने का कार्य पूरा कर लेंगी। इसके बाद उसे जांच के लिए केजीएमयू लखनऊ को भेजा जाएगा। इससे कोरोना से जंग जीत चुके लोगों में रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित होने के बारे में जानकारी की जाएगी।
सैंपलिंग के लिए गठित की गईं दस टीमें
देवरिया। कोरोना से से जंग जीत चुके लोगों के सीरो सर्विलांस सैंपल एकत्रित किए जाने के लिए दस टीमें गठित की गई हैं। प्रत्येक टीम में एक चिकित्साधिकारी, लैब टेक्नीशियन, एएनएम, आशा शामिल हैं। टीम को सीरो सर्विलांस सैंपल एकत्रित कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
प्रदेश स्तर से वर्ष 2020 में कोरोना से जंग जीत चुके लोगों की इम्युनिटी की जांच के लिए सर्वे कराया जा रहा है। इसके तहत जिले को 394 लोगों की सूची भेजी गई। उसमें से तीन सौ लोगों से मोबाइल नंबर पर संपर्क कर लिया गया है। इसमें सौ लोगों के ब्लड का सैंपल लेकर लखनऊ जांच के लिए भेजा जाएगा। सैंपल लेने के लिए जिले में दस टीमें बनाई गई हैं। जल्द ही सैंपल जांच के लिए भेज दिया जाएगा। -डॉ. राजेंद्र प्रसाद, एसीएमओ, जिला सर्विलास अधिकारी व कोविड के नोडल अधिकारी