देवरिया। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय के धन्वंतरि सभागार में हुई। इसमें डीएम ने बिना पंजीकरण संचालित हो रहे निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम की जांच कर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर ड्यूटी नहीं करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। जिलाधिकारी ने दिव्या मित्तल ने कहा कि सभी सीएचसी व पीएचसी पर डॉक्टरों व कर्मचारियों का ड्यूटी चार्ट डिस्प्ले होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इमरजेंसी ड्यूटी में तैनात चिकित्सक व स्टाफ चिकित्सालय में रहना सुनिश्चित करें। इमरजेंसी केस में यदि कोई उपस्थित नहीं मिला तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। चिकित्सालय में तैनात सभी चिकित्सक और कर्मी अपनी निर्धारित ड्रेस में रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि आम लोगों की स्वास्थ्य सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। चिकित्सक पूर्ण संवेदनशीलता के साथ कार्य करें जो एमओआईसी गंभीरता से कार्य नहीं करते हैं उन्हें तत्काल हटाते हुए योग्य चिकित्सकों को तैनाती दी जाए। गर्भवती महिलाओं, बच्चों की सभी अनुमन्य जांचे, टीकाकरण समय से, गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण कराते हुए संबंधित पोर्टल पर फीड अवश्य कराएं। जिलाधिकारी ने मातृ स्वास्थ्य, जननी सुरक्षा योजना, संस्थागत प्रसव सम्बंधित स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा किया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रत्यूष पाण्डेय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता, एसीएमओ डॉ. अजय शाही, डॉ. एसके सिन्हा, सीएमएस डॉ. एचके मिश्रा, डिप्टी सीएमओ डॉ. अश्वनी पाण्डेय, डॉ. आरपी यादव, डॉ. हरेंद्र कुमार, जिला मलेरिया अधिकारी सीपी मिश्रा, डीपीएम पूनम मौजूद रहीं।