अवैध शराब बनाने की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़
भटनी(देवरिया)। स्थानीय थाने की पुलिस ने शुक्रवार भोर में एक सरकारी देशी शराब के गोदाम में अवैध शराब बनाने की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से 50 शीशी देशी शराब और भारी मात्रा में शराब बनाने के उपकरण बरामद हुए। पकड़े गए तीन लोगों में दो सरकारी दुकान के मुनीब है। पूछताछ में उन्होंने इस शराब का उपयोग लाइसेंसी देशी शराब की दुकान में करने की बात स्वीकारी है। पुलिस मामले में दुकान मालिक और मकान मालिक को भी संदिग्ध मान रही है।
भटनी पुलिस को शुक्रवार भोर में सूचना मिली कि भटनी बाईपास के 115 नंबर रेलवे क्रॉसिंग के पास अवैध शराब बनाने एवं बेचने का धंधा चल रहा है। सूचना पर थानाध्यक्ष भीष्मपाल सिंह यादव हमराहियों के साथ नगर के 115 नेबर रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित देशी शराब की दुकान के पास उसके गोदाम पर छापा मारा। गोदाम की घेराबंदी कर अंदर पुलिस दाखिल हुई तो कमरे में तीन युवक शीशियों में शराब भर रहे थे। अचानक सामने पुलिस को देखकर वे सकपका गए। भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तीनों को दबोच लिया। पुलिस ने मौके से 50 शीशी अपमिश्रित देशी शराब तीन पैकिंग, सीलिंग मशीन, भारी मात्रा में खाली बोतलें ढक्कन,विंडीज मार्का मसालेदार लिखा रैपर,केमिकल, ड्रम, आरओ वाटर की बोतलें, यूरिया आदि बरामद किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अमरेश यादव निवासी वृंदावन सराय, रसड़ा जिला बलिया, आनंद यादव निवासी मलफ हरसेनपुर मंगवा थाना-नगरा जिला बलिया व जयप्रकाश यादव निवासी बरवा मानसिंह थाना रामपुर कारखाना, देवरिया बताया। पकड़े गए लोगों ने अवैध रूप से शराब बनाकर बगल के देशी शराब की दुकान में बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस पड़री बाजार निवासी दुकान मालिक युवराज तिवारी व मकान मालिक को भी संदिग्ध मान जांच कर रही है। इस बाबत एसओ भीष्मपाल सिंह यादव ने बताया कि अवैध रूप से देशी शराब बनाने वाले एक गैंग को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ अन्य जगहों पर शराब बनाने की बात सामने आई है। जल्द ही उनपर भी कार्रवाई की जाएगी।
60 लीटर कच्ची शराब के साथ चार गिरफ्तार
भागलपुर(देवरिया)। मईल थानाक्षेत्र के इसारू गांव के पास जमुआ तिराहे से कच्ची शराब के साथ चार लोगों को 60 लीटर कच्ची शराब के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन पर आबकारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
होली के त्योहार को देखते हुए मईल के थानेदार रविंद्र कुमार रवि शुक्रवार सुबह 7 बजे गश्त पर निकले थे। मुखबिर ने सूचना दी कि कुछ लोग कच्ची शराब लेकर कुंडौली की तरफ जा रहे हैं। पुलिस अभी जमुआ गांव के समीप पहुंची थी कि देखते ही धंधेबाज भागने लगे। पुलिस ने चार लोगों को दौड़ाकर दबोच लिया। पकड़े गए लोगों की पहचान बुद्धु राजभर निवासी इसारू थाना मईल, शिवचरण उरांव निवासी थाना बगड़ू झारखंड, मगंरा उरांव निवासी थाना सोंध झारखंड, जयमंगल उरांव निवासी लोहदरगा झारखंड को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।