नाराज युवकों ने उप डाकघर लार में हंगामा खड़ा कर दिया।
- फोटो : अमर उजाला
मेहरौनाघाट। डाक टिकट नहीं मिलने से नाराज युवकों ने उप डाकघर लार में हंगामा खड़ा कर दिया। कर्मचारियों पर डाक टिकट ब्लैक करने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन भी किया। उप डाकपाल के आश्वासन के बाद युवक शांत हुए। इसकी वजह से कार्यालय में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा। नगर पंचायतों में इन दिनों संविदा पर सफाईकर्मियों को रखने के लिए आवेदन लिया जा रहा है।
सफाईकर्मी का फॉर्म भरने के लिए युवकों की होड़ लगी है। लेकिन उप डाकघरों में डाक टिकट नहीं मिलने के कारण युवक फॉर्म नहीं भर पा रहे हैं। वहीं बाजार में डाक टिकट ब्लैक में खुलेआम दुकानदार बेच रहे हैं। ऐसे में रोजगार पाने के लिए युवक मजबूरी में दूने और तीन गुने दामों में डाक टिकट खरीदने को विवश है। तीन दिन से बिना टिकट लौट रहे युवकों का धैर्य मंगलवार को टूट पड़ा।
नाराज युवक पहले कार्यालय के अंदर हंगामा किए और बाद में कार्यालय के बाद नारेबाजी करते हुए कर्मचारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़ा किया। युवकों का आरोप है कि कर्मचारियों की मिलीभगत से बाजार के कई दुकानों पर अधिक कीमत पर डाक टिकट बेचा जा रहा है। बाद में उप डाकपाल ने नाराज युवकों को अगले दिन डाकटिकट उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद युवक शांत हुए। इस बाबत उप डाकपाल अच्छेलाल कुमार ने बताया कि डाक टिकट की मांग की गई है।