देवरिया। पुलिस लाइन सभागार में डीआईजी एस. चन्नप्पा ने मंगलवार को कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। इसमें पुलिस अधिकारियों को अपराधियों पर सख्ती से कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही हॉटस्पाट एरिया को चिह्नित कर वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।
बैठक के बाद डीआईजी ने रेलवे स्टेशन और शहर के संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की हिदायत दी।
डीआईजी ने कहाकि क्षेत्र का भ्रमण कर वहां की व्यवस्था की जानकारी करते हुए ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत सड़कों, चौराहों, पार्क, होटल, ढाबों, स्कूल, बैंक व पेट्रोल पंप पर लगाए गए सीसी टीवी कैमरों को चेक करना सुनिश्चित करें। गडबड़ी की स्थिति में तत्काल ठीक कराएं।
साथ ही लंबित विवेचनाओं के निस्तारण हेतु की गई कार्यवाही, वांछित/पुरस्कार अपराधियों पर कार्रवाई से लेकर गो-तस्करी में की गई कार्रवाई, शराब तस्करी, सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों पर अफवाह फैलाने वालों पर की गई कार्यवाही आदि की समीक्षा की। बैठक में पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह मौजूद रहे।