बरहज। तहसील सभागार में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें डीएम मधुसूदन हुल्गी की जगह एडीएम प्रशासन प्रेमनारायण सिंह ने फरियाद सुना।
लाठी के सहारे तहसील पहुंचे पुरैना शुक्ल निवासी और दिव्यांग नित्यानंद का कहना था कि साहब! बच्चे के जन्म प्रमाण पत्र के लिए एक माह से तहसील और ब्लॉक का चक्कर लगा रहा हूं।
बावजूद अधिकारियों के न मिलने से प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पा रहा है। हालांकि दिवस में कुल 44 मामले आये। जिनमें राजस्व के पांच मामलों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया।
एसडीएम शशिकांत मणि की अध्यक्षता में दिवस की कार्रवाई शुरू किया गया। दिवस में डीएम मधुसूदन हुल्गी को आना था। लेकिन किन्हीं कारणों से उनकी जगह एडीएम प्रशासन ने फरियाद सुना। दिवस में नगर के लव सोनकर ने आदेश के बावजूद पालिका परिषद गौरा-बरहज में आधार बेस बायोमेट्रिक उपस्थिति न लगाये जाने, करोहिया के रामसूरत आदि ने जाम सार्वजनिक नाली को खुलवाने, खुखुंदू थाना क्षेत्र के सेल्हरापुर के विजय जमीन पर जबरियां अतिक्रमण करने, जबकि मीरा देवी पत्नी पवन पड़ोसियों द्वारा जबरियां कब्जा करने, नौकाटोला के छोटे कुमार बाधित बिजली का संचलन शुरू कराने, कसिली के राजेश जायसवाल गलत विद्युत बिल आने, शेरवां बभनौली के सुकेश लाल जमीन संबंधित, देवसिया के उमेश सिंह कृषि भूमि पर कब्जा करने और जुगनू सिंह ने खलिहान की जमीन पर निर्माण करने की शिकायत के अलावा राजस्व के 17, पुलिस 12, विकास-खाद्य एवं रसद दो-दो, जल और विद्युत निगम के 11 सहित कुल 44 मामले आये। संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम के आने की सूचना पर लोगों अच्छी-खासी भीड़ थी। लेकिन ऐन वक्त पर उनके न आने से फरियादियों में मायूसी थी। मौके पर तहसीलदार अरूण कुमार, नायब तहसीलदार अनिल तिवारी, अविरल वर्मा, सीओ राजेश चतुर्वेदी आिद माैजूद रहे।