थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव के भटहर की एक विवाहिता के नाम से ससुराल वालों ने पहले समूह से 35,000 रुपये कर्ज लिया, फिर पति के साथ उसे दिल्ली भेज दिया। एक माह बाद जब पत्नी गर्भवती हुई तो उसे और ढाई साल के बेटे को दिल्ली छोड़कर पति फरार हो गया।
विवाहिता ने दिल्ली के बुरारी थाने में पति की गुमशुदगी का केस दर्ज कराया और ससुराल चली आई। यहां ससुराल वालों ने घर में घुसने नहीं दिया तो वह मायके चली गई। उधर, जब पता चला कि पति बिहार में मौसी के घर जाकर छिपा है तो विवाहिता ने थाने पहुंच पुलिस से पति को ढूंढ़ने के लिए गुहार लगाई है।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के मुसैला खुर्द निवासी राम नगीना प्रसाद ने बेटी जयमती की शादी 2020 में खुखुंदू के भटहर गांव में नितेश कुमार से की। शादी के डेढ़ साल बाद जयमती ने एक बच्चे को जन्म दिया। इसी बीच ससुराल वालों ने बहू के नाम पर एक समूह से 35,000 कर्ज ले लिया।
कुछ दिन बाद पति नितेश को बुलाकर जयमती को उसके साथ दिल्ली भेज दिया। एक माह समय बीतने के बाद एक दिन नितेश, पत्नी से एटीएम से रुपये निकालने की बात कहकर कमरे से निकला और फिर नहीं लौटा। जयमती ने बुरारी थाने में गुमशुदगी का केस दर्ज कराया।
पति का कुछ पता नहीं चला तो वह गांव आ गई। यहां ससुराल वालों ने घर में नहीं घुसने दिया। इसके बाद वह मायके चली आईं।
उधर, पति का मामा उल्टे जयमती पर पति को मारने का आरोप लगा रहा है। जयमती ने बताया कि पति नितेश ने सोशल मीडिया पर अपने मौसी के यहां की कुछ तस्वीरें वायरल किया है। कुछ लोगों के साथ जब वहां पहुंची हूं तो वह बाहर से जाकर कमरे में छिप गया है।
मौसी ने कमरे में ताला लगाकर मुझे मिलने नहीं दिया।
जयमती ने थाने पहुंचकर इंस्पेक्टर दिलीप सिंह से गुहार लगाई है। इंस्पेक्टर ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच-पड़ताल की जा रही है। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने अनभिज्ञता जताई।