संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। खेल निदेशालय की ओर से स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय जूनियर बालक क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में देवरिया छात्रावास ने स्टेडियम इलेवन टीम को 55 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। बल्लेबाज आकाश ने मात्र 45 गेंद में ही 100 रन की पारी खेल कर जीत में अहम योगदान दिया।
मंगलवार को रवींद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में सेमीफाइन और फाइनल मैच खेले गए। पहला सेमीफाइनल देवरिया छात्रावास और फैसल एकडेमी के मध्य बीच खेला गया। इसमें टॉस जीत पहले बल्लेबाजी करते हुए फैसल एकडेमी ने निर्धारित 10 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 74 रन बनाए। जवाब में उतरी छात्रावास टीम ने छह ओवर में ही नौ विकेट शेष रहते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। छात्रावास की ओर से ओम तिवारी ने 16 गेंदो में 45 रन और प्रांजल पांडेय ने 15 गेंदो पर 22 रन बनाए। दूसरा सेमीफाइनल देवांश एकेडमी और स्टेडियम इलेवन के बीच खेला गया।
इसमें टॉस जीत पहले बल्लेबाजी करते हुए देवांश एकेडमी 10 ओवर में 67 रन ही बना सकी। जवाब में स्टेडियम इलेवन ने सातवें ओवर में ही 68 रन बना कर फाइनल में जगह बना लिया। टीम की तरफ से दिव्यांश ने 20 गेदों पर 33 और अनूप ने 10 गेद में 26 रन का योगदान दिया। फाइनल मैच स्टेडियम इलेवन और देवरिया छात्रावास के बीच खेला गया, जिसमें पहले बल्लेबाजी करते हुए छात्रावास ने 20 ओवर में सात विकेट खोकर 239 रन बनाए। आकाश ने 45 गेदों पर ही 100 रन ठोक दिए, वहीं प्रांजल पांडेय ने 34 गेदों पर 51 रन की पारी खेली। स्टेडियम इलेवन के तरफ से सुजित और राजर्ष ने दो-दो, अनूप व रघुराज ने एक-एक विकेट लिए।
जवाब में उतरी स्टेडियम इलेवन की टीम 20 ओवर में 184 के स्कोर पर आलआउट हो गई। टीम की ओर से अनूप ने 34 गेदों पर 74 और लोकेश ने 14 गेद में 26 रन का योगदान दिया। छात्रावास टीम से विपिन ने तीन अस्नित ने दो, प्रांजल रावत, आकाश गुप्ता व संदीप यादव ने एक-एक विकेट प्राप्त किया। समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीम को एसडीएम सदर विपिन द्विवेदी व जिला क्रीड़ाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने पुरस्कार प्रदान किया।