बघौचघाट में फर्जी अस्पताल सील
बघौचघाट (देवरिया)। पथरदेवा सीएचसी के चिकित्सा प्रभारी के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने क्षेत्र के प्राइवेट अस्पतालों पर छापेमारी की। इस दौरान बघौचघाट में चल रहे एक फर्जी अस्पताल को सील कर दिया गया। पथरदेवा में दो फर्जी अस्पताल चलने की सूचना थी। छापेमारी की सूचना मिलते ही संचालक व डॉक्टर अस्पताल बंद कर फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने तीन अस्पतालों के फर्जी संचालन की शिकायत डीएम से की थी। सीएमओ के निर्देश पर पथरदेवा सीएचसी के चिकित्सा प्रभारी एके सिंह स्वास्थ्य कर्मियों व स्थानीय पुलिस के साथ छापेमारी की। उन्होंने बघौचघाट थाना के समीप संचालित हो रहे गरिमा अस्पताल को सील किया। पथरदेवा के सिनेमा हाल रोड स्थित फातिमा अस्पताल व महुआरी में संचालित प्रजापति अस्पतालों के चिकित्सक ताला बंद कर फरार हो गए थे। जिसके चलते इन्हें सील नहीं किया जा सका। डीएम ने तीनों अस्पताल सील करने का निर्देश दिया था। यह अस्पताल बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित हो रहे हैं। चिकित्सा प्रभारी डॉ. एके सिंह ने बताया कि तीन अस्पतालों के खिलाफ डीएम व सीएमओ द्वारा सील करने के निर्देश पर कार्रवाई की जा रही है। एक को सील कर दिया गया है। दो चिकित्सक अस्पताल बंद कर फरार मिले। शीघ्र ही इन दोनों अस्पतालों को सील किया जाएगा।