कोतवाली में हियुवा नेता व इंस्पेक्टर से हुई नोकझोंक
हियुवा नेता की नहीं सुनी बात तो इंस्पेक्टर को हटवाने की दी धमकी
भूमि विवाद के मामले में पैरवी कर रहे थे हियुवा नेता, बैकफुट पर पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। हिंदू युवा वाहिनी के एक नेता अपने कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली पहुंचे। एक मामले में इंस्पेक्टर ने उनकी बात नहीं सुनी तो कोतवाली में न रहने देने की धमकी दे डाली। इसको लेकर पुलिस व कार्यकर्ताओं में नोकझोंक हुई। दो भाइयों के भूमि विवाद के मामले में हिंदू युवा वाहिनी के नेता पैरवी कर रहे थे।
नगर की सब्जी मंडी में दिनेश व सुभाष के बीच कुछ दिनों से भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। इस मामले में कोतवाली में तीन दिनों से दोनों पक्ष को बुलाया जा रहा था। मामले को लेकर रविवार की सुबह पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाई थी। एक पक्ष के तरफ से दर्जनों हिंदू युवा वाहिनी के नेता कोतवाली पहुंचे। इंस्पेक्टर पर हर मामले में रकम लेने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। यहीं नहीं इंस्पेक्टर के सामने ही हियुवा के एक पदाधिकारी ने उन्हें कोतवाली से हटवाने की धमकी दे डाली। इसको लेकर कोतवाली में पुलिस व वाहिनी के कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक होने लगी। इसके चलते घंटों कोतवाली में अफरा-तफरी मची रही। वहीं, दूसरे मामले में फरियाद लेकर आए लोग परेशान रहे। बाद में हियुवा के ही एक अन्य नेता के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। उसके बाद पुलिस बैकफुट पर आ गई। इस बाबत इंस्पेक्टर अश्वनी कुमार राय ने बताया कि मंदिर का प्रभाव दिखाकर हियुवा के पदाधिकारी रोज थाने में पैरवी के लिए दबाव बनाते हैं।