अज्ञात वाहन की टक्कर से किशोर की मौत
सलेमपुर-नवलपुर मार्ग पर औरंगाबाद गांव के समीप हुआ हादसा
कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। थानाक्षेत्र के औरंगाबाद गांव के समीप बाइक सवार को शनिवार रात 11 बजे किसी वाहन ने टक्कर मार दी। बाइक सवार किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खुखुंदू थानाक्षेत्र के शेरवा बभनौली गांव के रूदल यादव का बेटा अंशु यादव (14) नगर के एक निजी अस्पताल में रहता था। वह शनिवार की आधी रात अस्पताल के मालिक की अपाची बाइक लेकर लार की तरफ बिना किसी को सूचना दिए गया। अभी वह सलेमपुर-नवलपुर मार्ग के औरंगाबाद गांव के समीप पहुंचा था कि सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गश्त में निकले कोतवाल ने इसकी जानकारी अस्पताल के संचालक को दी। सूचना पर पहुंचे अस्पताल के संचालक ने उसकी पहचान की। मौत की खबर मिलते ही अंशु घर में कोहराम मच गया। अंशु अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बाबत कोतवाल अश्वनी कुमार राय ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
चार दिन से लापता युवक का शव गुठनी नहर में मिला
मेहरौनाघाट। गुठनी के तेनुआ मोड़ के समीप नहर में रविवार की अलसुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गुठनी पश्चिमी के तेनुआ मोड़ निवासी चार दिन से लापता कपिल मुनि गोस्वामी के इकलौते पुत्र राजकुमार गोस्वामी (24) के रूप में हुई है। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
गुठनी-सोहगरा मुख्य सड़क को पार कर बिहारी गांव की ओर जाने वाली उपबितरणी नहर में तेनुआ गांव के ही समीप सुबह शौच के लिए जा रही महिलाओं ने शव को देख शोर मचाया तो ग्रामीणों की भीड़ लग गई। भीड़ में ही किसी ने कहा कि राजकुमार कई दिन से लापता हैं कहीं वही तो नहीं है। इसी के बाद ग्रामीणों ने जलकुंभी में दबे शव को हटाया। नहर के पानी में शव का चेहरा साफ होते ही मौके पर पहुंची उसकी बहन दुर्गावती ने पहचान कर ली। ग्रामीणों के अनुसार रात्रि में पीसीसी सड़क के किनारे छोर से पैर फिसल कर नहर के पानी में गिरकर डूब जाने से उसकी मौत हो गई होगी। ग्रामीणों का कहना है कि इसी नहर में गोपद मिल्क कारखाना का कचड़ा पानी गिरता है। इसकी बदबू से लोगों का जीना मुहाल है। घटना की सूचना पर मनोरंजन कुमार, एसआई विनोद कुमार तथा अंचल निरीक्षक तारकेश्वर पांडेय दल-बल के साथ मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों संग शव का पंचनामा बनवाकर पोस्टमार्टम के लिए सिवान भेज दिए।
इकलौता पुत्र था राजकुमार
मेहरौनाघाट। राजकुमार अपने मां-बाप का इकलौता पुत्र था। मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। मां सावित्री और पत्नी संगीता को सहारा देने वाला अब कोई नहीं बचा। महज दो साल पहले दुल्हन बनकर आई छह माह की गर्भवती पत्नी संगीता के ऊपर तो दुख का पहाड़ ही टूट पड़ा है। दहाड़ें मार-मार कर संगीता कह रही थी कि मेरे पति बिना मुझे खिलाए कभी खाना नहीं खाते थे। अब विधाता ने बूढ़ी मां, मेरे पेट में पल रहे बच्चे के साथ मेरा कोई सहारा नहीं छोड़ा है। परिवार के लोगों ने बताया कि राजकुमार चार दिन पहले से लापता था। उससे हमलोग सगे-संबंधियों सहित रिश्तेदारी और समीपवर्ती रेलवे स्टेशनों के साथ सभी संभावित ठिकानों पर खोज कर रहे थे। अभी थाने में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराने की बात सोच ही रहे थे कि उसका शव मिलने की दुखद सूचना मिल गई।
पेड़ से लटकता मिला अज्ञात युवक का शव
देवरिया। सदर कोतवाली के सकरापार गांव के बागीचे में 20 साल के एक युवक का शव पेड़ से लटकते हुए मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पहचान की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है। हालांकि, पहचान नहीं होने से मामला संदिग्ध लग रहा है।
सकरापार गांव के बाहर बगीचा है। इसके बगल से ही रेल लाइन गुजरती है। रविवार की सुबह गांव के लोग बगीचे की तरफ टहलने गए तो पेड़ से लटकता हुआ एक युवक का शव दिखाई दिया। मफलर से वह पेड़ के सहारे लटका था। गांव के लोगों ने प्रधान और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा। गांव और मौके पर पहुंचे अन्य लोगों से शव की शिनाख्त की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। पहचान नहीं होने से आशंका व्यक्त की जा रही है कि युवक की कहीं अन्यत्र हत्या कर उसे यहां लटका दिया गया होगा। हालांकि, पुलिस इस मामले से इन्कार कर रही है। शव को मोर्चरी में रखा गया है। सदर कोतवाल टीजे सिंह ने बताया कि मामला आत्महत्या का ही है। शिनाख्त होने के बाद सच्चाई सामने आएगी।
गोरखपुर में इलाज के दौरान पुजारी की मौत, कोहराम
करुअना/सोनाड़ी। क्षेत्र के ब्रह्मचारी मोड़ पर शनिवार की रात गोरखपुर जनपद के डेरवां गांव निवासी और पुजारी देवानंद (24) घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए देवरिया और गोरखपुर ले जाया गया। जहां मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया।
डेरवां गांव निवासी शीतल मिश्र की चार संतानों में दूसरे नंबर के देवानंद मगहरा से वापस घर जा रहे थे। इसी बीच सोनाड़ी पेट्रोल पंप के निकट ब्रह्मचारी मोड़ पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। हादसे में देवानंद बुरी तरह से घायल हो गए थे। सूचना पर पहुंची भलुअनी पुलिस ने इलाज के लिए देवरिया और फिर गोरखपुर भेजा गया। जहां पुजारी ने दम तोड़ दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां कलावती मिश्र दहाड़ें मारकर रोने लगीं। जबकि पत्नी शोभा पर विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा।
तीन माह पूर्व हुई थी देवानंद की शादी
भलुअनी। गोरखपुर जनपद के डेरवां गांव निवासी देवानंद मिश्र की शादी 12 दिसंबर 2019 को बिहार के गोपालगंज जनपद के पंचदेवरी के टिट्टियां खास गांव निवासी सुभाष की पुत्री शोभा से हुई थी। भाई-बहनों में दूसरे नंबर के देवानंद अयोध्या के एक मंदिर के पुजारी थे। परिजनों के अनुसार देवानंद बीते सप्ताह गांव आए थे। वह शनिवार को सहयोगियों के साथ पूजा-पाठ कराने बनारस जा रहे थे। लोगों के अनुसार वह आजमगढ़ पहुंचे थे। इसी बीच फोन पर पूजा कार्यक्रम स्थगित होने की सूचना मिली। इस पर वह सहयोगी को छोड़ने वापस मगहरा गए थे। उन्हें क्या पता था कि यह उनकी जिंदगी का आखिरी सफर है। साथी के बार-बार रोकने के बावजूद वह घर के लिए निकल पड़े थे।