देवरिया। हिंदूवादी संगठनों ने लार क्षेत्र में हिंदुओं के उत्पीड़न के खिलाफ प्रदर्शन किया। एसपी, एएसपी और एसओ को घटना का जिम्मेदार ठहराते हुए निलंबन की मांग की। लार में हिंदू महापंचायत करने का एलान किया।
लार इलाके में पुलिस की एक पक्षीय कार्रवाई से नाराज कई संगठनों के कार्यकर्ता मंगलवार को सुभाष चौक पर एकत्र हुए। नारेबाजी करते हुए सिविल लाइंस होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। वक्ताओं ने कहा कि पुलिस अधीक्षक के संरक्षण में लार में दंगा कराने की साजिश रची गई है। मोहर्रम में हथियारों का प्रदर्शन करने वालों में महज दो लोगों पर मामूली धाराओं में कार्रवाई की गई।
दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन जुलूस में विघ्न डाला गया। एसपी के मौन स्वीकृति और सहमति से एएसपी एनके सिंह और एसओ लार अंशुमान यदुवंशी ने खुलेआम तांडव मचाया। यह हिंदू संस्कृति और आस्था पर चोट है। यह तालिबानी मानसिकता को दर्शाता है, हिंदू संगठन इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।
हियुवा के जिला संयोजक नीरज शाही ने कहा कि डीएम और एसपी को एएसपी और लार एसओ की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया, लेकिन अधिकारियों ने एक तरफा कार्रवाई की।
गांवों से हिंदू पलायन कर रहे हैं। सैकड़ों युवाओं को गलत तरीके से फंसाया गया है। सभा को भाजपा नेता विजय प्रताप, मुन्ना राय, अमित मोदनवाल, गुड्डू पहलवान, दीपक सिंह, सुरेंद्र चौरसिया, अमरनाथ सिंह, संपूर्णानंद गुप्त, विजय पंडित आदि ने संबोधित किया। इस दौरान श्रीराम, कन्हैया जायसवाल, विजयलक्ष्मी गौतम, दिलीप सिंह बघेल, धनवंत सिंह, शैलेंद्र सिंह, विनोद ठठेरा, राणा प्रताप सिंह समेत तमाम लोग मौजूद रहेे।