निगम की लापरवाही से हो सकता है बड़ा हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
देसही देवरिया। इमिलिया विद्युत उपकेंद्र से जुड़े पांच गांवों को बांस के पोल के सहारे 11 हजार वोल्ट की आपूर्ति की जा रही है। वह भी पोल लटक गया है। इससे यहां बड़ा हादसा होने की आशंका है। स्थानीय लोग यहां पोल लगाने की कई बार मांग कर चुके हैं। लेकिन, कोई लाभ नहीं हुआ।
देसही देवरिया विकास खंड क्षेत्र के इमिलिया विद्युत उपकेंद्र से क्षेत्र के पड़ियापार ग्रामसभा को 11 हजार वोल्ट की विद्युत आपूर्ति मिलती है। इस गांव से होकर यह हाईटेंशन तार आगे के गांव दोराची टोला, सेमरहा, अमारी झांगा होते हुए बैतालपुर क्षेत्र के चिउरहा, भेड़ियां टोला, विशुनपुर मुरार, हुलासपुर, बरई टोला, विक्रम विशुनपुर तक जाता है। पड़ियापार और दोराची टोला के बीच 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन का तार एक बांस के पोल से होकर जा रहा है। वह भी लटक गया है।
पड़ियापार गांव के किसान रमाकांत के खेत से होकर यह विद्युत तार गुजरा है। उन्होंने कई बार निगम के जिम्मेदारों को प्रार्थनापत्र देकर यहां पोल लगवाए जाने की मांग की। लेकिन, समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
अवधेश पटेल, श्यामबदन सिंह, रामविचारे आदि का कहना है कि बांस के सहारे हाईटेंशन बिजली की आपूर्ति हो रही है। वह बांस भी लटक गया है। यहां पोल लगाकर ठीक कराए जाने की जरूरत है। जिम्मेदार ध्यान नहीं दिए तो यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
कोट
पड़ियापार गांव के पास 11 हजार हाईटेंशन तार बांस के पोल से आगे जा रहा है। यहां एक पोल की आवश्यकता है। पोल आ गया है। एक दो दिन में लग जाएगा।
-इरफानुल्लाह अंसारी, अवर अभियंता, इमिलिया