फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: नहीं हटाए गए स्कूलों से गुजर रहे हाईटेंशन तार, खतरा बरकरार

Tue, 22 Sep 2026 11:44 PM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देवरिया
विज्ञापन
प्रावि बंसहियां, गौरी बाजार में लगा विद्युत पोल व परिसर से गुजरता तार।
विज्ञापन
देवरिया। परिषदीय स्कूलों के परिसर से गुजर रहे हाईटेंशन तार साल भर बाद भी नहीं हटाए जा सके हैं। इसको लेकर सरकार की संवेदनशीलता के दावे निरर्थक साबित हो रहे हैं। जिला स्तर पर की जा रही लापरवाही से कई स्कूलों के परिसर के ऊपर से गुजर रहे तार हटाए नहीं जा सके हैं।
विज्ञापन

एक स्कूल ऐसा है जिसके परिसर में ही ट्यूबवेल लगा दिया गया है। इसके लिए बकायदा ट्रांसफाॅर्मर भी लगाया गया है। जिम्मेदारों ने इसकी बैरिकेटिंग करने की भी जरूरत नहीं समझी है। इससे विद्यालय में हादसे का खतरा बना रहता है। बरहज संवाद के अनुसार, कपरवार कन्या और गड़ेर स्थित पचौहा प्राथमिक विद्यालय के ऊपर से हाईटेंशन तार गया हुआ है। अक्सर विद्यालय में तारों के आपस में टकराने से चिंगारी छूटती है। कपरवार कन्या विद्यालय परिसर में 63 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर लगा है। 15 अगस्त को पौधरोपण में आए अधिकारियों ने बिजली निगम से बात कर ट्रांसफाॅर्मर हटवाने की बात कही थी। इसके बावजूद अब तक नहीं हटाया गया। भाटपाररानी संवाद के अनुसार, क्षेत्र के 14 परिषदीय विद्यालयों कंपोजिट विद्यालय रघुनाथपुर, भेड़ा पाकर, भठवा तिवारी तथा प्राथमिक विद्यालय बांगरबारी, अन्हारीबारी, नोनार पांडेय, करौंदा मठ, रुस्तम बहियारी, फुलवरिया, सरया, जासपार, हॉट पोखर, विशंभरपुर और सबलगंज प्राथमिक विद्यालयों के ऊपर से हाई टेंशन तार गुजरा हुआ था। अभी भी पांच विद्यालयों भेड़ा पाकड़, रुस्तम बहियारी, फुलवरिया, भठवा तिवारी और सरया के ऊपर से हाईटेंशन तार नहीं हटाया गया है। एसडीओ बिजली निगम भाटपाररानी सुशील कुमार ने बताया कि इन विद्यालयों के ऊपर से गुजरा हाईटेंशन तार हटाने का की प्रक्रिया जारी है। जल्द ही वहां से भी हटा लिया जाएगा।
रुद्रपुर संवाद के अनुसार, मेदनापुर गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय के भवन से 133 केवीए के उपकेंद्र से होकर गुजरने वाली हाईटेंशन लाइन विद्यालय के भवन के काफी करीब से गुजर रही है। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से भी बिजली विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में पहले सूचना दी जा चुकी है। इसके बावजूद मेदनापुर कंपोजिट विद्यालय के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का अब तक सर्वेक्षण नहीं किया गया है।
विज्ञापन

गौरी बाजार संवाद के अनुसार, क्षेत्र के 18 परिषदीय विद्यालयों से तार गुजर रहे थे। बिजली निगम ने इनमें से प्राथमिक विद्यालय शिवपुर, खैराबनुआ, कल्लीडाड़ सहित नौ विद्यालयों से तार और खंभे हटवा दिए। प्राथमिक विद्यालय मठिया साहू, बंसहियां, नगरौली बाजार, कंपोजिट विद्यालय परसोत्तिमा, कालाबन, प्राथमिक विद्यालय पूर्वी टोला, भटौली बुजुर्ग-1, आनंदनगर, कंपोजिट विद्यालय जंगल पिपरा, पूर्व माध्यमिक विद्यालय बेलकुंडा में से अभी तक खंभे व तार नहीं हटाए गए हैं। इस संबंध में बीइओ विनयशील मिश्र ने बताया कि बिजली निगम से निरंतर संपर्क किया जा रहा है। अवर अभियंता मोहम्मद सलमान ने बताया कि शीघ्र ही इन विद्यालयों से भी तार व खंभे हटवा दिए जाएंगे। देसही देवरिया संवाद के अनुसार क्षेत्र के बसंतपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के ऊपर से 11 हजार हाई वोल्टेज का तार गुजरा है। बगल में ही ट्रांसफाॅर्मर भी है। तार लटक कर छत के करीब आ चुका है। ट्रांसफाॅर्मर के पास घेराव भी ठीक ढंग से नहीं है। बिजली निगम के अवर अभियंता इरफानुल्लाह अंसारी ने बताया कि मामले की जानकारी है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी हो गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें