.....
बार-बार शिकायत के बावजूद अनसुना कर रहा था विद्युत निगम
एसी के आदेश पर मौके पर पहुंचे एक्सईएन, बदला गया पोल
पोल टूटने से तीन मोहल्लों समेत दो दर्जन से अधिक गावों की सात घंटों तक बाधित रही आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। नगर पंचायत के वार्ड संख्या एक भरौली में हाईटेंशन तार वाला लोहे का जर्जर खंभा शनिवार की सुबह टूट कर गिर पड़ा। जिस समय खंभा गिरा उस समय विद्युत आपूर्ति चल रही थी। संयोग ठीक रहा कि उस वक्त रास्ते से कोई गुजर नहीं रहा था।
नगर पंचायत में काफी पहले लगा लोहे का जर्जर पोल हर पल खतरे का संकेत दे रहा है। खंभा बदलने के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीराम यादव व सभासद अशोक गुप्ता ने बिजली निगम के अधिकारियों को पत्रक दिए, लेकिन इसका असर नहीं पड़ा। हाल ही में बिजली निगम द्वारा नगर के तारों को बदल कर केबल लगाया गया है। उस समय भी बिजली निगम लोहे के जर्जर खंभों को बदलने की जरूरत नहीं समझा।
इसका खामियाजा हुआ कि मतदान के दिन सुबह ही खंभा टूट गया और सलेमपुर क्षेत्र के करीब दो दर्जन से अधिक गांवों की बिजली व्यवस्था सुबह साढ़े छह बजे से एक बजे तक बाधित रही। चुनाव के ऐन वक्त पर बिजली न होने से अधिकारी भी परेशान हो गए।
एसडीएम गिरीश कुमार झा ने अधिशासी अभियंता को फोन कर तत्काल बिजली ठीक कराने के निर्देश दिए। दोपहर करीब डेढ़ बजे पोल ठीक कराकर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई। अधिशासी अभियंता राम हरि ने बताया कि पोल बदलकर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।