पहचान उजागर होने पर की थी हिदायतुल्लाह की हत्या
छह माह पुराने मामला का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार
तीन आरोपी बिहार जेल में बंद, एक की हो रही तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। सलेमपुर कोतवाली के दामोदरपुर गांव निवासी हिदायतुल्लाह उर्फ मुन्ना खान का अपहरण कर की गई हत्या का पुलिस ने सोमवार को पर्दाफाश कर दिया। आरोपियों ने पहचान उजागर होने पर हत्या की बात बताई। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। तीन बिहार की जेल में बंद हैं और एक की तलाश की जा रही है।
सात जनवरी को दामोदरपुर गांव निवासी मोहिबुल्लाह खान की तहरीर पर सलेमपुर कोतवाली में हिदायतुल्लाह उर्फ मुन्ना खान की गुमशुदगी दर्ज की गई। 28 जनवरी को बिहार के मैरवा में हिदायतुल्लाह का शव मिला था। हिदायतुल्लाह के बेटे कादिर खान की तहरीर पर पुलिस ने अपहरण कर हत्या और शव छिपाने का केस दर्ज किया। एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने सलेमपुर कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। सलेमपुर कोतवाल गिरिजेश तिवारी और एसओजी टीम ने मुखबिर की सूचना पर मझौलीराज के पास से अजमेर अहमद निवासी तेतरिया थाना हुसैनगंज, जिला सिवान और सिराजुद्दीन निवासी मकदूम सराय थाना, सिवान टाउन, जिला सिवान को गिरफ्तार किया। पुलिस की पूछताछ में दोनों ने बताया कि हिदायतुल्लाह को जानते थे और उनके घर उनका आना-जाना भी था। दोनों ने बताया कि अपने साथियों अब्दुल मजीद निवासी मकदुम सराय थाना सिवान टाउन, असगर अली निवासी भीटाबांस थाना दुरौंधा, मोहम्मद एजाज निवासी कतिया निजामद थाना महाराजगंज जनपद सिवान, मुन्ना निवासी चाफ पश्चिम पट्टी थाना सराय ओपी, सिवान के साथ मिलकर हिदायतुल्लाह को विश्वास में लेकर छह जनवरी को अपहरण कर लिया गया था। हिदायतुल्लाह ने हम लोगों को पहचान लिया, और मामला उजागर करने की धमकी देने लगे। इस पर उनकी हत्या कर शव को मैरवा में नहर के पास फेंक दिया गया था। दोनों ने पुलिस को बताया कि असगर अली, मोहम्मद एजाज, मुन्ना पूर्व से बिहार के सिवान जेल में बंद हैं। अब्दुल मजीद की तलाश में पुलिस जुटी है। एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने बताया कि हत्यारोपी अजमेर अहमद और सिराजुद्दीन को जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में सलेमपुर कोतवाल गिरिजेश तिवारी, एसएसआई मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल केशव दुबे, कांस्टेबल नरेंद्र यादव, रंजीत, एसओजी प्रभारी अनिल यादव, घनश्याम सिंह, हेड कांस्टेबल योगेंद्र सिंह, कांस्टेबल मेराज, सर्विलांस टीम के कांस्टेबल राहुल सिंह, सुधीर मिश्र आदि शामिल रहे।
शहाबुद्दीन गैंग का सक्रिय सदस्य रहा अजमेर
देवरिया। हिदायतुल्लाह का अपहरण कर हत्या करने का आरोपी अजमेर शहाबुद्दीन गैंग का सक्रिय सदस्य रहा है। वर्ष 2004 में बिहार के सिवान में हुए तेजाब कांड का सहआरोपी रहा। इसके अलावा बिहार में उस पर अपहरण, हत्या आदि के केस दर्ज हैं।