नदी के किनारे से अवैध शराब बरामद करते सिपाही।
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रपुर। हे राम! इस नदी किनारे इस वीरान, दलदली जमीन में भी शराब की भट्ठी चला रहे। कच्ची शराब के लिए बदनाम कोइलगढ़हा के बिचला टोले में शुक्रवार को छापा मारने आई आबकारी टीम के सदस्यों के मुंह से एकबारगी यही निकला। दुस्साहस की हद ये कि जिस घर में रह रहे उसी की छत पर भी शराब बना रहे। टीम ने भारी मात्रा में 50 लीटर कच्ची शराब बरामद की और करीब आठ क्विटंल लहन भी नष्ट किया।
रुद्रपुर कोतवाली के कोइलगढ़हा में कच्ची शराब बनाने-बेचने का अवैध धंधा सालों से चल रहा है। कुर्ना नदी का दलदली किनारा जहां आमतौर पर कोई जाता भी नहीं, वहीं भट्ठियों पर शराब उतारी जा रही थी। बस्ती में दर्जनों घरों के छतों पर भट्टियां जलती मिलीं। इससे पता लगा कि टोले के अधिकांश लोग इस अवैध धंधे में लिप्त हैं। छापा पड़ते सभी पुरुष टोले से भाग गए। छापे का नेतृत्व कर रहे आबकरी निरीक्षक आशीष सिंह ने कहा कि अवैध धंधे में लिप्त लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। छापा टीम में आबकारी सिपाही वीरेंद्र, अखिलेश सिंह, अमित ओझा और वकील कुमार आदि शामिल रहे।