देवरिया। रविवार को जिले भर के स्वास्थ्य केंद्रों में मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें कुल 3953 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
इसमें 136 मरीजों में मलेरिया के लक्षण मिले। मरीजों को दवाएं दी गईं। साथ ही सतर्कता बरतने की सलाह दी गई।
जिले में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में कुल 3953 रोगी इलाज कराने आए। इसमें 136 रोगियों में मलेरिया के लक्षण पाए गए। इन्हें दवा दी गई साथ ही रक्त जांच कराने के लिए नमूने लिए गए। वहीं तीन में डेंगू के लक्षण पाए गए। 22 रोगी हेपेटाइटिस बी के मिले। वहीं 14 में हेपेटाइटिस सी के लक्षण पाए गए। रोगियों की संख्या में भाटपाररानी 85 की संख्या के साथ पहले स्थान पर रहा।
वहीं मझौलीराज 75 और खुखुंदू 73 रोगियों के साथ क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। सबसे कम 19 रोगी नूनखान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आए। बरियारपुर संवाद के अनुसार मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में क्षेत्र के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर 118 मरीज देखे गए।
पथरदेवा विकासखंड के रामपुर अवस्थी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. योगेश कुमार ने 40 मरीजों की जांच की और दवा वितरण किया जिनमें सर्दी-जुकाम और बुखार के मामले ज्यादा पाए गए मौके पर फार्मासिस्ट संजय पांडेय और लोरीक यादव, आशा मिश्रा, रत्नेश पाल उपस्थित रहे।
वहीं सरौरा नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. राजेश कुमार ने 36 मरीजों को देखा जिसमें सबसे ज्यादा सर्दी, जुकाम, बुखार के मरीज आए। नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरियारपुर में डॉ. मृणाल की देखरेख में 42 मरीज देखे गए, जिसमें सबसे ज्यादा सर्दी, खासी, बुखार के मरीज देखे गए।
भागलपुर संवाद के अनुसार, डॉ. अविनाश मौर्य ने रोगियों की जांच की। डॉ. अविनाश मौर्य ने बताया कि आरोग्य मेले में शुगर, सर्दी-जुकाम और खांसी के मरीजों की संख्या अधिक रही। उन्होंने कहा कि ठंड के कारण मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है, जिससे मौसमी बीमारियों के मरीज बढ़ रहे हैं।
मेले के दौरान 10 मरीजों की ब्लड जांच की गई, जिसमें तीन शुगर, चार मरीज स्नोफिलिया तथा तीन मरीज टायफाइड से पीड़ित पाए गए। सभी मरीजों को स्वास्थ्य केंद्र पर ही दवाएं उपलब्ध कराई गईं। आरोग्य मेले में सुबह से 35 मरीजों की जांच कर उनका उपचार किया गया, जिससे ग्रामीणों को काफी राहत मिली।
मईल संवाद के अनुसार आरोग्य मेले में गठिया, सर्दी-खांसी व खुजली के मरीजों अधिक आए। नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ठेगंवल दूबे पर डॉ. शोभनाथ एवं फार्मासिस्ट डॉ. हरेंद्र प्रताप सिंह ने 32 मरीजों की जांच की। वहीं नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मईल में डॉ. अनिल कुमार प्रजापति एवं फार्मासिस्ट रमेश चंद्र ने 30 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
बरहज के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ज्यादातर मरीज सर्दी, जुकाम, खांसी के आए। नगर के थाना मार्ग स्थित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. पीएन तिवारी 32, महेन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. सिद्धार्थ ने 40 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जबकि भलुअनी, सोनाड़ी, गड़ेर, कपरवार, गड़ेर, खोड़ा, पैना आदि क्षेत्रों में भी आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हेमंत शुक्ल, फार्मासिस्ट शैलेष तिवारी, विनोद गुप्त, चंद्रप्रकाश गुप्त, अरुण सिंह, पृथ्वीराज मौजूद रहे।