बरियारपुर। बैकुंठपुर गांव में समझौते से इन्कार करना महिला और दुकानदार को भारी पड़ गया। आरोप है कि सत्यम यादव गड़ासा लेकर उनके पीछे दौड़ पड़ा और जान से मारने की धमकी दी।
महिला का आरोप है कि आरोपी पहले भी उससे अभद्रता और गाली-गलौज कर चुका है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने सत्यम यादव और नीरज शाही के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि 18 सितंबर को सत्यम यादव दुकान पर आया और उसकी फोटो खींच ली। आरोप है कि इसके बाद दूसरे नंबर से फोन कर अश्लील बातें करने लगा।
विरोध करने पर अगले दिन दुकान पर पहुंचकर गाली-गलौज और धमकी दी। दुकान मालिक के बेटे त्रिदेव गुप्ता ने विरोध किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। पीड़िता के अनुसार, पांच अक्तूबर की शाम सत्यम यादव और नीरज शाही उसे और दुकान मालिक को समझौते के लिए अपने घर बुलाने पहुंचे। आरोप है कि समझौता नहीं करने पर सत्यम यादव गड़ासा लेकर दौड़ा और जान से मारने की धमकी दी।
महिला ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। सीओ सलेमपुर गौरव कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।