खलिहान की जमीन की पैमाइश के दौरान हंगामा
रुद्रपुर। मांगा कोड़र गांव में खलिहान की जमीन की पैमाइश के दौरान बुधवार को हंगामा हो गया। पूर्व प्रधान और प्रधान के पति भिड़ गए। मारपीट की घटना पैमाइश कराने गए अधिकारी और पुलिस कर्मचारियों के सामने हुई। मामले में प्रधान पति ने पुलिस को पूर्व प्रधान सहित पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
बुधवार को मांगा कोड़र गांव में तहसीलदार की ओर से गठित कमेटी द्वारा सरकारी खलिहान की जमीन की पैमाइश चल रही थी। पैमाइश में प्रधान माया देवी के पति अमित यादव और पूर्व प्रधान प्रदीप यादव समर्थकों के साथ मौजूद थे। जमीन की पैमाइश के दौरान ही पुरानी रंजिश में कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते दोनों पक्ष आपस में भिड़ गया। मारपीट देख पैमाइश में जुटे अधिकारी और पुलिस कर्मचारी खिसकने लगे। घटना से गांव में अफरातफरी मच गई। मारपीट से पैमाइश करने पहुंची टीम बैरंग वापस लौट गई। मामले में पुलिस को प्रधान पति अमित यादव ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्य में बाधा डालने के साथ अराजकतत्वों ने मारपीट की। घटना में उनका सिर फट गया। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने कहा कि मांगा कोड़र गांव में पैमाइश के दौरान हंगामा हो गया। तहरीर मिली है, पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई करने में जुटी है।