बैनामा के दौरान रजिस्ट्री दफ्तर में हंगामा
रुद्रपुर। तहसील परिसर स्थित रजिस्ट्री दफ्तर में मंगलवार को बैनामा के दौरान हंगामा से अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया। पुलिस की मौजूदगी में बैनामा की कार्रवाई पूरी हो पाई।
नगर के पुराना चौक निवासी एक शख्स जमीन का बैैनामा करा रहे थे। इस दौरान उनके पट्टीदार पहुंच कर हंगामा करने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि विवादित जमीन का बैनामा कराया जा रहा है। जमीन के मालिकान में वह भी खातेदार है। वहीं एक पक्ष ने जमीन के बैनामा को नियमानुसार बताया। इस बात को लेकर दोनों पक्ष में धक्का मुक्की होने लगी। रजिस्ट्री आफिस के सामने लोगों की भीड़ लग गई। दफ्तर में कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। हंगामा कर रहे लोग स्टांप पेपर को फाड़ने पर आमादा थे। घटना की सूचना किसी ने एसपी को दी। रजिस्ट्री दफ्तर पर भारी संख्या में पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को अलग किया। उसके बाद बैनामा की कार्रवाई पूरी हो पाई। इस बाबत सीओ अंबिका प्रसाद ने कहा कि हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। दोनों पक्ष को शांत कराया गया। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।