देवरिया। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला पोषण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम मधुसूदन हुल्गी ने बाल विकास परियोजना एवं पोषण अभियान से संबंधित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों में सुधार लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों की समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
डीएम ने आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और एएनएम को नियमित रूप से घर-घर जाने के निर्देश देते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों की स्थिति की निगरानी की जाए। समीक्षा के दौरान वास्तविक आंकड़े ही प्रस्तुत किए जाएं। किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना न दी जाएं।
उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के आंगनबाड़ी केंद्रों को निर्धारित 18 पैरामीटरों पर संतृप्त करने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एके गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी आदिश मिश्रा, सभी खंड विकास अधिकारी, सीडीपीओ, सुपरवाइजर तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।