फोटो समाचार...
दीपों की सजावट में जनपद में टॉप पर रहा थाना खुखुंदू
शिवाजी इंटर कॉलेज में युवाओं ने 1001 दीप जलाकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी
अमर उजाला ब्यूरो
खुखुंदू। दिवाली के दिन थानों को मिट्टी के दीए के जगमगाने के आदेश के क्रम में जिले में खुखुंदू थाना अव्वल आया है। दो दिन तक इस विशेष दीपोत्सव कार्यक्रम का बीते सोमवार की शाम एसपी ने खुखुंदू थाने के निरीक्षण के बाद उपलब्धि हासिल होने की जानकारी दी और बेहतर कार्य के लिए एसओ को पुरस्कृत भी किया।
पूरे प्रदेश के सभी थानों में मिट्टी के दीप जलाकर दीपावली मनाए जाने का आदेश जारी किया गया था। इसमें अच्छी सजावट वाले थाने के प्रभारी को डीजीपी स्तर से सम्मानित करने का फैसला लिया गया। इसमें जिले में खुखुंदू थाना जनपद में टॉप पर रहा। दीपावली के दिन शिवाजी इंटर कॉलेज के मैदान के चारों किनारों को युवाओं ने 1001 दीपों से प्रज्ज्वलित कर शहीदों को नमन किया। रविवार व सोमवार को थाना परिसर की बिल्डिंग को मिट्टी के 3101 दीपों से सजाया गया। सोमवार की देर शाम एसपी स्वयं थाने पहुंचे और यहां की सजावट और परिसर में बने रंगोली की सराहना करते हुए एसओ श्यामलाल यादव एवं महिला कांस्टेबल को नकद पुरस्कार प्रदान किया। एसपी ने बताया कि शासन स्तर से प्रदेश के सभी थानों में मिट्टी के दीप जलाकर दीपावली मनाए जाने की घोषणा की गई थी। इसमें जिले में खुखुंदू और सलेमपुर की सजावट सबसे बेहतर रही। दोनों थानों के प्रभारियों को डीजीपी की ओर से पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। उधर, शिवाजी इंटर कॉलेज ग्राउंड में आर्मी की तैयारी कर रहे युवाओं ने मैदान को दीपों से रोशन कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
एसओ एवं सेक्रेट्री ने उपलब्ध कराई सहायता
रामपुर कारखाना। एसओ राजेश कुमार सिंह और एक ग्राम विकास अधिकारी ने दीपावली के मौके पर क्षेत्र के गरीबों को मिठाई बांटी। पर्व के दिन लाला मुंडेरा गांव पहुंचे एसओ ने गांव के ही लोगों से गरीब लोगों को चिह्नित करने के निर्देश दिए। इसके बाद वह 25 चिह्नित लोगों के दरवाजे पर जाकर उन्हें एक-एक पैकेट मिठाई प्रदान की। उधर, देसही देवरिया के ग्राम विकास अधिकारी राजीव प्रसाद ने कनकपुरा गांव के कैंसर पीड़ित श्रवण प्रसाद को साढ़े 11 हजार रुपये नकद एवं मिष्ठान दिए।
पंडाल से साउंड बॉक्स उठा ले गई पुलिस, हंगामा
मझौलीराज के शाही चौक पर लक्ष्मी पूजा में बज रहा था साउंड बाक्स
लोगों के तेवर देख बैकफुट पर आई पुलिस, रात में ही साउंड बॉक्स लौटाया
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। मझौलीराज के शाही चौक पर लक्ष्मी पूजा के दौरान बज रहे दो साउंड बाक्स को पुलिस ने उठा लिया। इससे नाराज लोगों ने चौकी पर इकट्ठा होकर हंगामा किया। आक्रोशित लोगों के तेवर देखकर पुलिस बैकफुट पर आ गई। देर रात को मूर्ति आयोजक को साउंड वापस कर दिया।
मझौलीराज नगर पंचायत के शाही चौक पर काफी दिनों से लक्ष्मी पूजा का आयोजन होता आ रहा है। इस बार भी दिवाली के दिन लक्ष्मी मूर्ति रखी गई थी। रविवार की रात पंडाल में दो साउंड बाक्स बज रहे थे। किसी ने पुलिस को डीजे बजाने की सूचना दे दी। जिस पर पहुंची चौकी पुलिस दोनों साउंड को उठा लाई। मूर्ति आयोजक ने इसकी सूचना चेयरमैन गौरीशंकर गुप्ता समेत नगर के कुछ लोगों को दी। सूचना मिलते ही सैकड़ों लोगों की भीड़ चौकी पर पहुंच गई। आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर एक व्यक्ति के दबाव में साउंड उठाने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। मामला बढ़ते देखकर पुलिस बैकफुट पर आ गई, रातोंरात पुलिस ने दोनों साउंड बॉक्स आयोजकों को सौंप दिए। इस बाबत एसएसआई त्रिवेंद्र कुमार मौर्य ने बताया कि बिना परमिशन के डीजे बजाने की सूचना पर चौकी पुलिस पहुंची थी। साउंड बॉक्स वापस कर दिया गया।
फोटो समाचार
पटाखे के विस्फोट से स्कूूल की छत ध्वस्त
सलेमपुर। एक हरिजन प्राथमिक विद्यालय की छत पटाखे के विस्फोट से दिवाली की रात ध्वस्त हो गई। सुबह जानकारी होने पर स्कूल के प्रधानाध्यापक ने खुखुंदू थाने में तहरीर दी है। भागलपुर ब्लॉक के हरखपुरा गांव के बाहर श्रीदुर्गा हरिजन प्राथमिक विद्यालय है। कुछ वर्षों से स्कूल बंद था। विद्यालय के भवन की एक दीवार पिछली बरसात में गिर गई थी। ठोकर लगाकर छत को रोका गया था। दिवाली की रात गांव के लड़के उसमें पटाखे फोड़ रहे थे। इसी बीच अचानक छत ध्वस्त हो गई। संयोग ठीक रहा कि कोई इसके चपेट में नहीं आया। जानकारी होने पर मंगलवार की सुबह स्कूल के प्रधानाध्यापक रामनाथ प्रसाद ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पटाखे से भाजपा मंडल अध्यक्ष का बेटा झुलसा
सलेमपुर। सोमवार की सुबह पटाखे फोड़ने के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष व पूर्व जिला पंचायत सदस्य कन्हैया जायसवाल का 13 वर्षीय बेटा अभिमन्यु जायसवाल झुलस गया। परिवार के लोगों ने उसे सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार किया। वहीं, बरसीपार के योगेंद्र यादव की बेटी आरुषी यादव दिवाली की रात पटाखा फोड़ने के दौरान झुलस गई।
शार्ट सर्किट से लगा आग,झोपड़ी जलकर राख
गौरी बाजार। दिवाली के दिन विद्युत शार्ट सर्किट से लगी आग में कई आशियाने जलकर राख हो गए और लाखों का सामान जल गया। फायर ब्रिगेड की मदद से गांव वालों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाते समय झुलसे लोगों का इलाज सीएचसी पर कराया। परसिया गांव निवासी दूधनाथ सिंह के झोपड़ी के ऊपर से गुजरे विद्युत तार से निकली चिंगारी से आग पकड़ ली। बेटी की शादी के लिए घर में रखे 30 हजार नकद, कपड़ा, जेवरात, अनाज, रजाई, गद्दा और चारपाई जल कर राख हो गई। दो घंटे प्रयास के बाद फायर ब्रिगेड और गांव वालों ने आग पर काबू पाया। आग बुझाते समय गृह स्वामी दूधनाथ सिंह, वशिष्ठ सिंह, उदयभान सिंह, बंधु यादव, राकेश यादव और दूधनाथ सिंह झुलस गए। दूधनाथ सिंह का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। वहीं, बसंतपुर गांव में कोमल तिवारी के घर दीपक की लौ से आग लग गई। घारी में बांधे गए जानवर को किसी तरह लोगों ने बाहर निकाला, लेकिन भूसा, गेहूं और लक ड़ी जल गया।
शार्ट सर्किट से कपड़े की दुकान में लगी आग
तरकुलवा। पथरदेवा कस्बे में दिवाली की रात शार्ट सर्किट से कपड़े की दुकान में आग लग गई। आग में करीब चार लाख का सामान जलकर राख हो गया। लोगों ने अथक प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। पथरदेवा कॉलेज रोड में संजय मद्धेशिया की कपड़े की दुकान है। दीपावली के दिन रात में दुकान का पूजन कराकर घर चले गए। रात करीब 10 बजे दुकान में आग लग गई। दुकान से आग की लपटें निकलते देखकर लोगों ने दुकानदार को जानकारी दी। दुकानदार आनन-फानन दुकान पर पहुंचा और शटर खोला तो आग फैल चुकी थी। सूचना के बाद भी फायर ब्रिगेड नहीं पहुंचा।
एसपी ने थानेदार और फालोवर को दिया पुरस्कार
रामपुर कारखाना। एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र सोमवार की रात अचानक रामपुर कारखाना थाना पर पहुंच गए। कैंपस में बनाए गए भारत के मानचित्र उकेरने और फालोवर को बेहतर भोजन बनाने पर पुरस्कृत किया। महिला पुलिसकर्मियों को रंगोली बनाने पर भी शाबाशी दी। शासन के निर्देश पर सभी थानों में शहीदों के नाम का दीया जलाया गया था। इसके निरीक्षण के लिए एसपी पहुंचे थे। एसपी ने भोजनालय भवन का निरीक्षण किया और भवन का निर्माण कराने के लिए तत्काल डिमांड लेटर भेजने के निर्देश दिए। इंस्पेक्टर को 500, बढ़िया भोजन बनाने पर कांस्टेबल राधेश्याम गुप्ता और फालोवर रामबदन चौहान व राधे को 100-100 का पुरस्कार दिया। इस दौरान दरोगा जयराम यादव, कांस्टेबल सदरूद्दीन अली, हरेंद्र सिंह, राजेश कुमार, गौरव साहनी, दिलीप सिंह मौजूद रहे।
सिपाहियों पर जबरन पटाखे लेने का आरोप
लार। नगर के घारी वार्ड निवासी गोलू विश्वकर्मा दिवाली के दिन ओकेएम इंटर कॉलेज में पटाखे की दुकान लगाई थी। आरोप है कि बाइक से तीन सिपाही पहुंचे और अस्थायी बने लाइसेंस चेक करने लगे। लाइसेंस होने के बावजूद भी पटाखे सिपाही उठा ले गए। इसकी शिकायत पीड़ित ने सलेमपुर सीओ से किया है। सीओ ने जांच का आश्वासन दिया है।
दिवाली की रात आग में लाखों का सामान और नकदी हुआ राख
भाटपाररानी में नई बाइक तो बैतालपुर में मकान में लगी आग
अमर उजाला ब्यूरो
बैतालपुर/खुखुन्दू/भाटपाररानी। दिवाली की रात दीपक और पटाखे से लगी कई स्थानों पर आग में लाखों का सामान, बाइक और नकदी जलकर राख हो गया। लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। खुखुन्दू आग बुझाने के दौरान गृहस्वामी भी झुलस गया, जिसका इलाज पीएचसी पर हुआ। बैतालपुर के साहू टोला निवासी रामबिलास प्रसाद के दिवाली का पूजन करने के बाद घर वाले अपने कमरे में सोने चले गए। पहली मंजिल के कमरे में शार्ट सर्किट से आग लग गई। अभी लोग समझ पाते कि आग चारों तरफ फैल गया। फायर ब्रिगेड की मदद से गांव वालों से आग पर काबू पाया। आग में पांच हजार नकदी समेत 2.50 लाख का सामान जलकर राख हो गया। वहीं, खुखुन्दू कस्बा निवासी रामू गोड़ ठेला पर चाट, पकौड़ा बेचकर परिवार की जीविका चलाता है। दिवाली की रात दीप जला रहा था। रखे गए दीपक पर बिल्ली कूद गई और झोपड़ी में आग लग गई। आग बुझाते समय रामू झुलस गया। रामू का कहना है कि पत्नी शांति देवी बीमार चल रही हैं। उसके ऑपरेशन के लिए घर में 12 हजार रुपये और सामान जलकर राख हो गया। इसके अलावा भाटपाररानी रेलवे कॉलोनी में रहने वाले सेक्शन इंजीनियर राकेश कुमार रहते हैं। दीपावली के दिन किसी ने इनकी बाइक पर पटाखे जलाकर फेंक दिया और बाइक आग पकड़ ली। एक सप्ताह पूर्व नई बाइक राकेश कुमार ने खरीदा था।
पारंपरिक तरीके से की गोवर्धन पूजा
बहनों ने भाइयों को लगाया टीका, लिया आशीष
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिले में भैया दूज और गोवर्धन पूजा मंगलवार को परंपरागत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों का तिलक कर उनसे आशीष लिया और उनकी दीर्घायु की कामना की। साथ ही उन्हें मिष्ठान भी खिलाया। पारंपरिक गीतों के बीच समूह में गोधन व गोधनी की युवतियों व महिलाओं ने कूटाई भी की।
गोवर्धन पूजा बीते सोमवार एवं मंगलवार दोनों दिन जिले में मनाया गया। देहात के गांवों सहित शहरी क्षेत्र के गली मोहल्लों में एक दिन पूर्व ही युवतियों ने गोबर से गोधन, गोधनी एवं पहरेदार सहित अन्य आकृतियां बनाईं। उसके अगले दिन भाइयों के लिए उपवास रखा। उपवास के दौरान ही पहले भाइयों को शाप दिया। फिर उसके बाद स्नान-ध्यान कर अपराह्न में समूह में गोवर्धन पूजा की शुरुआत हुई। घर से सजाकर लाई गई प्रसाद सामग्री एवं मिठाइयों को पूजन स्थान पर चढ़ाया गया और भाइयों की लंबी आयु की कामना की गई। इसके बाद पारंपरिक गीतों के बीच गोधन बाबा की कुटाई हुई। पिड़िया लगाने के तिल, गोबर को युवतियां अपने घर भी ले गईं।
बालाजी मंदिर में अन्नकूट महोत्सव में भक्तों ने किया जयघोष
कसया रोड स्थित श्रीतिरुपति बालाजी मंदिर भक्ति वाटिका में सोमवार की अपराह्न धूमधाम से अन्नकूट एवं गोवर्धन पूजा का आयोजन हुआ। मौके पर सोने के सिंहासन पर श्रीदेवी तथा भूदेवी के साथ श्रीवेंकटेश्वर भगवान ने साधकों को दर्शन दिए। इसके पूर्व मंदिर में गोवर्धन जी की प्राण-प्रतिष्ठा की गई। ब्रह्म मुहूर्त में भगवान का दिव्य अभिषेक हुआ।
संतों ने विभिन्न प्रकार के व्यंजन बनाए, जिसका भगवान को भोग लगाया गया। कार्यक्रम में पत्नी संग डीएम अमित किशोर तथा कुशीनगर के डीएम डॉ. अनिल कुमार सिंह ने पहुंचकर पूजन-अर्चना की। शाम को कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही भी मंदिर पहुंच भगवान का दर्शन किए। पीठाधीश्वर स्वामी राजनारायणाचार्य ने कहा कि गोवर्धन पूजा का उद्देश्य गायों का संवर्धन एवं सेवा करना है। भगवान श्रीकृष्ण ने नंद बाबा को बताया था कि अच्छे कर्मों का फल अच्छा ही होता है, पर बुरे कर्मों का फल बुरा होता है। उन्होंने घमंडी इंद्र की परंपरागत पूजा बंद कराकर पर्यावरण, प्राकृतिक वन संपदाओं की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत की पूजा कराई थी। इतना पकवान चढ़ाया गया की वह पर्वत की तरह दिखने लगा, इसीलिए इस पर्व को अन्नकूट पर्व कहा जाता है। इसी परंपरा का निर्वाह करते मंदिर में किया गया। मौके पर एसडीएम सदर दिनेश सिंह, स्वामी रामनारायणाचार्य, स्वामी अनंताचार्य वृन्दावन, स्वामी हरिप्रपन्नाचार्य बक्सर, प्रवीण शास्त्री, रमेश बरनवाल, हरिहर बरनवाल, सतीश बरनवाल, मुक्तिनाथ त्रिपाठी, शिवभूषण तिवारी, गुलाब सिंह, अशोक अग्रवाल, पुरुषोत्तम मरोदिया, विनय बरनवाल, डॉ. अभय द्विवेदी, नित्यानंद पांडेय, चंद्रशेखर मिश्र, आनन्द अग्रवाल, संजय जाखोदिया, प्रभुदयाल जायसवाल आदि मौजूद रहे।
फोटो समाचार...
भगवान चित्रगुप्त की आराधना के बाद कलम-दवात की हुई पूजा
चित्रगुप्त मंदिर में चित्रांशों ने आयोजित किया सामूहिक पूजन कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। श्री चित्रगुप्त सभा की ओर से मंगलवार को यम द्वितीय के पावन अवसर पर भगवान चित्रगुप्त की सामूहिक रूप से आराधना आयोजित की गई। चित्रगुप्त मंदिर में चित्रांश समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में इसमें भागीदारी की। मौके पर सभी ने विधि-विधान से कलम-दवात की पूजन-अर्चना की।
संगठन के अध्यक्ष अखिलेश्वर श्रीवास्तव के भगवान चित्रगुप्त के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित करने के बाद पूजन का आरंभ हुआ। भगवान का जलाभिषेक एवं वस्त्राभिषेक कर लेखनी एवं स्याही तथा प्रपत्र का विधि-विधान से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन किया गया। सभी ने पूजा प्रपत्र पर लिखकर उसके प्रभु के चरणों में अर्पित कर उस पर पूजन सामग्री व चढ़ावा चढ़ाया। इसके बाद विधिवत हवन पूजन व आरती के बाद सभी देवी-देवताओं का आह्वान किया गया। फिर सभा के साधारण सभा की वार्षिक बैठक वरिष्ठतम सदस्य दयाशंकर लाल श्रीवास्तव की देखरेख में हुई। इसमें अध्यक्ष व मंत्री ने वर्ष भर कराए कार्यों का ब्योरा रखा। इसके बाद अध्यक्ष ने आमसभा के समक्ष अपना त्यागपत्र रखा और नया अध्यक्ष चुनने का आग्रह किया। आमसभा की ओर से पुन: सर्वसम्मति से नए अध्यक्ष के रूप में अखिलेश्वर श्रीवास्तव को ही अपना अध्यक्ष चुना और उन्हें नई कार्यकारिणी के गठन का अधिकार प्रदान किया। इस दौरान जितेंद्र श्रीवास्तव, केएन लाल श्रीवास्तव, हरिंद्र प्रताप, चंद्रप्रकाश श्रीवास्तव, राजन श्रीवास्तव, विनोद गौड़, मुकेश चंद्र, डॉ. अशोक श्रीवास्तव, धनेश चंद्र, केएन लाल, गजेंद्र, बड़े, मनीष सहाय, सत्येंद्र, देवेंद्र, अभिनव, बृजेश, डॉ. मनीष, आनंद सोनू, संजय श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
देवरिया और भदोही को छुट्टा पशुओं से दिलाई जाएगी मुक्ति
गोवर्धन पूजन पर गौ आश्रय पहुंचे राज्य मंत्री और डीएम ने किया पूजन
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। गोवर्धन पूजन पर पिपरा चंद्रभान गो आश्रय केंद्र में पर पशुधन राज्य मंत्री जयप्रकाश निषाद, गन्ना विकास उपाध्यक्ष नीरज शाही और डीएम अमित किशोर ने गायों को माला पहनाकर चना गुड़ खिलाया।
पशुधन राज्यमंत्री ने कहा कि केंद्र को और अपग्रेड किया जाए। पानी लगे तालाबों में मत्स्य पालन किया जाए। इससे होने वाली आय से पशुओं के रख-रखाव और चारे की व्यवस्था होगी। खराब नस्ल की बछड़ों, सांड़ों का बंध्याकरण कराए जाने के निर्देश मुख्य पशु अधिकारी विकास साठे को दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश मेें देवरिया और भदोही को छुट्टा पशुओं से मुक्ति दिलाना है। इसलिए प्राथमिकता के तौर पर छुट्टा पशुओं को आश्रय केंद्रों में रखा जाए। नीरज शाही ने कहा कि गो संरक्षण व गो सेवा एक पुनीत कार्य है। लोगों को इसमें बढ़-चढ़कर भागीदारी निभानी चाहिए। डीएम किशोर ने आश्रय केंद्र की साफ-सफाई नियमित कराने के निर्देश दिए। पशु चारे व पशु आहार की पर्याप्त उपलब्धता रखें, किसी भी प्रकार की कोई कमी न हो। विकाश साठे ने कहा कि गो आश्रय केंद्र चारागाह 10 एकड़ में है और 250 पशु रह सकते हैं। वर्तमान में लगभग 150 पशु रह रहे हैं। एसडीएम दिनेश कुमार मिश्र, वीडीओ आलोक दत्त उपाध्याय, एडीओ पंचायत चंद्रभूषण तिवारी, कोतवाल अरुण कुमार मौर्य, भागवती सिंह, इंद्रजीत सिंह दिनेश सिंह, अमला सिंह जितेंद्र गौड़ आदि मौजूद रहे।
फोटो समाचार।
रामलक्षन में हैदर अली ने मनाई दीपावली
मुस्लिम समाज के लोगों ने स्थापित की लक्ष्मी की प्रतिमा
उमेश यादव
रामलक्षन। मंदिर में भजन गाने रमजान आते हो, उसे सुनने को हनुमान आते हो, फिरका परस्ती छू नहीं सकती उस गांव को, बनाने राम की मूरत, जहां रहमान आते हों। कवि की ये लाइनें रामलक्षन में चरितार्थ हो रही हैं। यहां मुस्लिम समाज के लोगों ने मिलकर कौमी एकता का जो मिसाल प्रस्तुत किया है, उसकी तारीफ चारों ओर हो रही है।
इस बार हैदर अली ने चौराहे पर लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित कर धूमधाम से दीपावली मनाई। उनके साथ इस आयोजन में मुस्लिम समाज के कई युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यहां आयोजन धार्मिक संकीर्णता में फंसे लोगों को करारा जवाब दे रहा है। मुस्लिम समाज के लोगों ने हिंदू समुदाय के युवाओं के साथ मिलकर इंडियन एक्सप्रेस कमेटी बनाई। जिसका अध्यक्ष हैदर अली को बनाया। हैदर अली के देखरेख में कमेटी ने चंदा एकत्र कर दिवाली पर लक्ष्मी, गणेश की प्रतिमा चौराहे पर रखी। मुस्लिम समुदाय के युवाओं ने हैदर अली के साथ दीए जलाने लेकर पूजन-अर्चन में हिस्सेदारी की। दोनों समुदाय के युवाओं को त्योहार मिल कर मनाता देख चौराहे के व्यापारी भी शामिल हुए। हैदर अली ने कहा कि दिवाली प्रकाश का पर्व है। समाज में फैले कुरीतियों को मिटाने का दिन है दीपावली का त्योहार। सभी धर्म के लोगों को आपसी भाईचारे से त्योहार मनाकर एकता का समाज में संदेश देना चाहिए। टीम में हैदर अली के अलावा अनवर अली, शराफत अली, सोनू गुप्ता, रविन्द्र कुमार, अवनीश शुक्ला, खुशबुद्दीन अली, राजू अली, तौकिर अली, सदरेआलम ,अर्जुन कुमार, मुकेश शर्मा, संजय गुप्ता आदि ने मिलकर प्रतिमा स्थापित कर उत्सव मनाया। इस दौरान चौराहे के लोगों में त्योहार को लेकर इस बार उत्साह बना रहा।
फोटो समाचार...
रोशनी से जगमग हुआ हनुमान मंदिर पोखरा
संस्कार भारती ने आयोजित किया दीपोत्सव कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। संस्कार भारती का दीपोत्सव कार्यक्रम हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित हुआ। मौके पर हनुमान मंदिर पोखरे को हजारों दीपों से सजाया गया था। इससे पूरा परिसर रोशनी से जगमगा उठा। संस्था के सदस्यों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को और भव्य बना दिया।
बीतें सोमवार की रात हनुमान मंदिर पोखरे में संस्कार भारती की ओर से आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ गोरक्षप्रांत के प्रांत प्रचारक सुभाष ने दीप जलाकर किया। इसके बाद सदस्यों ने पोखरे के चारों किनारों पर सजाए गए दीयों को जलाया। इसके बाद पूरा पोखरा व परिसर रोशनी से जगमगा उठा। यह अद्भुत दृश्य देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोग इकट्ठे रहे। मौके पर पं. ठाकुर प्रसाद चौबे संगीताश्रम के छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। महामंत्री राजेंद्र प्रसाद जायसवाल ने सुख के सब साथी, दुख में न कोय... गीत सुनाया। तबले पर नित्यानंद, हारमोनियम पर मधुरेंद्र, गिटार पर निकिता सिंह ने संगत की। अध्यक्ष अरुण बरनवाल ने आए हुए अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान कृष्ण मोहन गुप्ता, महेंद्र गुप्ता, उपेंद्र त्रिपाठी, पुरुषोत्तम मरोदिया, सुरेश गुप्ता, ध्रुव वर्मा, मुन्नीलाल, कन्हैया, राना सिंह, रविकांत, यशोदा जायसवाल, मनीषा, अनीता बरनवाल आदि मौजूद रहे।
सेवा भारती के छात्रों ने बनाई रंगोली
देवरिया। सेवा भारती की ओर से पुरवा मेहड़ा के ग्राम टिकुली में स्थित तीनों सेवा केंद्रों पर दिवाली कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मौके पर यहां के शिक्षकों एवं बच्चों ने आकर्षक रंगोली बनाई। संघ के सह प्रांत प्रचारक रमेश ने रंगोली का अवलोकन किया और इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि अज्ञान का अंधकार दूर कर ज्ञान को प्रकाशित करना ही असली दिवाली है। सेवा भारती के अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद जायसवाल ने शिक्षण व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए शिक्षिकाओं के प्रति आभार जताया। इस दौरान सहमंत्री अजीत मिश्र, श्यामसुंदर वर्मा, शिवराम बरनवाल, गुलाब, पवन तिवारी, रेशमा देवी, सुमन देवी, प्रियंका आदि मौजूद रहे।
बाल सदन के बच्चों में बांटा उपहार
देवरिया। दिवाली के अवसर पर नीट ब्रदर्स ट्रस्ट की ओर से बाल सदन के बच्चों में मिठाई व अन्य उपहार का वितरण किया। संस्था के नितिन श्रीवास्तव, नितेश श्रीवास्तव, अजय श्रीवास्तव, पुष्पा श्रीवास्तव, आरती श्रीवास्तव, शांभवी, शांति, केके श्रीवास्तव, गोकुल अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल ने बच्चों को दीपावली मनाने के लिए अन्य सामान भी उपलब्ध कराए।