ससुराल जा रहे युवक की ट्रेन से कटकर मौत
ससुराल जा रहे एक युवक की भटनी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से कटकर मौत हो गई। यह हादसा चलती ट्रेन से उतरने के दौरान हुआ। इसकी जानकारी होने पर स्टेशन पर रिश्तेदार पहुंच गए और लाश की पहचान की। जीआरपी ने लाश को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया।
कुशीनगर, पडरौना कोतवाली के बलकुड़िया गांव निवासी ब्रजेश (35) की ससुराल भटनी के भरहेचौरा गांव में है। बृहस्पतिवार को वह ससुराल जाने के लिए घर से निकला। देवरिया स्टेशन पर अमृतसर से सहरसा जा रही जनसाधरण एक्सप्रेस ट्रेन में भटनी जाने के लिए रवाना हुआ। दिन में करीब 2.30 बजे भटनी स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार से रनथ्रू गुजर रही ट्रेन से ब्रजेश उतरने की कोशिश की।
इस दौरान ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। रेलवे ट्रैक पर लाश होने की वजह से करीब पंद्रह मिनट तक काठगोदाम एक्सप्रेस भटनी स्टेशन पर खड़ी रही। मौके पर पहुंची जीआरपी ने लाश को ट्रैक से हटाया। युवक के जेब से मिले मोबाइल के जरिए उसकी पहचान हुई। हादसे की जानकारी होने पर रिश्तेदारों और घर वालों में चीख पुकार मच गई। स्टेशन पर पहुंचे ससुराल वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। इस बाबत जीआरपी एसओ ने बताया कि चलती ट्रेन से उतरने के दौरान हादसा हुआ है। लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।