संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। खजुरी करौता गांव में बुधवार की सुबह करीब 10 बजे धान की रोपाई करने गईं मां-दो बेटियों को बकरी चरवाहों ने पिटाई कर दी। मां की पिटाई होता देख तीन साल का बच्चा रोने लगा तो हमलावरों ने उसका भी सिर फोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को रोपाई के लिए खेत में रखे धान के बीज को बकरियों को चरता देख किसान ने चरवाहों को टोक दिया था। आरोप है कि चरवाहों ने किसान को धक्का देकर गिरा दिया था। उस समय मामला शांत हो गया था।
दूसरे दिन बकरी चरवाहों ने एकजुट होकर मां-बेटियों की पिटाई कर दी। इस बावत पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। खजुरी करौता गांव निवासी सहोदरा देवी पत्नी शिवशंकर गोंड ने पुलिस को तहरीर देकर कहा है कि खेत रोपाई के लिए मंगलवार को धान का बीज खेत में रख दिया था।
इसी बीच बगल के गांव बरियारपुर थाना क्षेत्र के राउतपार के बकरी चरवाहे बकरियों की झुंड लेकर पहुंचे। बकरियां धान के बीज खाने लगीं। पति शिव शंकर ने बकरियों को भगा दिया। इससे नाराज चरवाहों ने पति को धक्का देकर खेत में गिरा दिया और पिटाई करने लगे।
आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। बुधवार की सुबह वह और बेटी अंजना देवी, शिल्पी धान की रोपाई कर रहे थे। इस दौरान चरवाहों के झुंड ने हमला बोल दिया और खेत में ही बाल पकड़कर घसीटते हुए तीनों की पिटाई करने लगे।
इस दौरान अंजना का तीन साल का बेटा ऋषभ चीखने-चिल्लाने लगा तो हमलावरों ने उसका सिर फोड़ दिया।
उधर, वारदात बढ़ता देख पीड़ित पक्ष ने पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुला लिया। पुलिस के आने से पहले हमलावर भाग गए। सहोदरा देवी का कहना है कि हमलावरों ने जानमाल की धमकी दी है। इंस्पेक्टर कल्याण सिंह सागर ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। मौके पर पुलिस गई थी। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।