संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। फतेहपुर गांव में स्कूल संचालक धनंजय पाल की हत्या में शातिर कातिल की चाल में पुलिस उलझती जा रही है। शातिराना तरीके से हुई हत्या में पांच दिन में पुलिस के हाथ कोई सुराग भी नहीं लग पाया है।
वारदात स्थल पर मोबाइल के लोकेशन और सीडीआर के भरोसे पुलिस के हाथ कातिल के गिरेबां तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। गांव के लोग करीब पांच फीट की चहारदीवारी कूद कर विद्यालय में घुसकर वारदात को अंजाम देकर फिर वापसी में किसी फुर्तीले युवा के शामिल होने की आशंका व्यक्त कर रहे हैं।
हालांकि, बुधवार की शाम तक पुलिस हत्या के मामले में किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई थी। डीडीएम स्कूल के संचालक धनंजय पाल (55) की शुक्रवार की रात स्कूल में सोते समय हत्या कर दी गई थी। उनके सिर और गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार किया गया था। इससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
फॉरेंसिक जांच, डॉग स्क्वायड और पुलिस की अत्याधुनिक जांच प्रणाली के साथ चार टीमें लगातार चार दिनों से हत्या का पर्दाफाश करने में लगी हुई है। फिलहाल, पुलिस अभी सफलता से दूर नजर आ रही है। पुलिस अब तक स्कूल के चौकीदार समेत दो दर्जन लोगों से पूछताछ कर चुकी है।
वारदात के पर्दाफाश के लिए लगाई गई पुलिस की चार टीमें लगातार मामले को खोलने की कोशिश कर रही हैं। छापे भी मारे जा रहे हैं। मोबाइल सर्विलांस के जरिए पुलिस को कुछ अहम सुराग लगने की बात सामने आ रही है।
मगर खुलासा नहीं होने से धनंजय के परिवार वाले दहशत में है। शुरुआती चर्चा में किसी करीबी के हत्या में शामिल होने की आशंका थी, मगर कोई ठोस सबूत नहीं मिला।