भागलपुर। श्रीश्री 1008 कालीचरण फुटबॉल स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में आयोजित फुटबाॅल मैच का फाइनल मुकाबला एफसी क्लब सिवान और मिस्टर इंडिया स्पोर्ट्स क्लब गाजीपुर के बीच खेला गया। इसमें गाजीपुर की टीम ने सिवान को 1-0 से मात देकर ट्राॅफी पर कब्जा कर लिया।
भागलपुर के बीजीएम इंटर काॅलेज में बुधवार को खेले गए फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि समाजसेवी अभय मिश्रा और विशिष्ट अतिथि रोशन यादव और विजय जायसवाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल का शुभारंभ कराया। मैच में बरहज और बेल्थरा रोड की टीम ने अच्छे खेल कौशल का प्रदर्शन किया लेकिन मध्यांतर के पहले कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी।
मध्यांतर के बाद खेल शुरू होने के पांच मिनट बाद ही गाजीपुर के शरफराज अहमद ने गोल करके अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। सिवान की टीम के खिलाड़ियों ने प्रयास किया लेकिन अंत तक कोई गोल नहीं कर सके। गाजीपुर की टीम ने 1-0 से मुकाबला जीतकर ट्राॅफी पर कब्जा कर लिया।
गाजीपुर टीम के खिलाड़ी शरफराज अहमद को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। मैच रेफरी सब्बीर अहमद और कमेंटेटर की भूमिका फिरोज उर्फ बुलेट खान और अमन जायसवाल ने निभाई।
इस दौरान अजय यादव, दशरथ साहनी, मणि यादव, मुलायम यादव, सुशील चौरसिया, हरिशंकर यादव, दिलीप, मोहन जी जायसवाल, संतोष माैजूद रहे।