देवरिया। डीएम दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन स्थित गांधी सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और संबंधित विभागों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए गए।
डीएम ने कंचनपुर में क्षतिग्रस्त सड़क की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग को एक सप्ताह के भीतर मरम्मत कर आख्या प्रस्तुत करने को कहा। धान खरीद में तेजी आने पर किसानों ने संतोष जताया। भाटपाररानी क्षेत्र में खरीद कम होने की शिकायत पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी को क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
जल जीवन मिशन के तहत जिन गांवों में अब तक नल नहीं लगा है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराने को कहा गया। ग्रामों में दिन के समय जल रही स्ट्रीट लाइट की शिकायत पर डीपीआरओ को सफाई कर्मियों के माध्यम से लाइट बंद कराने के निर्देश दिए गए।
किसानों ने मृतक खाताधारक के मामलों में नामिनी को बैंकों द्वारा परेशान किए जाने की बात उठाई, जिस पर डीएम ने अग्रणी जिला प्रबंधक को सभी बैंकों को पत्र जारी कर नामिनी के अधिकार सुनिश्चित कराने को कहा।
मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने फैमिली आईडी और फार्मर रजिस्ट्री के लाभ बताते हुए किसानों से आधार, लिंक मोबाइल नंबर और खतौनी के साथ सीएससी से पंजीकरण कराने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
उप कृषि निदेशक ने पिछली बैठक की अनुपालन आख्या प्रस्तुत की और मूंग मिनीकिट के लिए पोर्टल पर बुकिंग की जानकारी दी। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि उर्वरक की चार रैक आने वाली हैं और गेहूं में माहू रोग से बचाव के लिए दवाएं उपलब्ध हैं।
जिला गन्ना अधिकारी ने शत-प्रतिशत भुगतान की जानकारी दी, जबकि नहर विभाग ने सभी नहरों में पानी उपलब्ध होने की बात कही। बैठक में मत्स्य, उद्यान, विद्युत, नलकूप, सहकारी, मंडी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।