देवरिया। इन दिनों रसोई गैस सिलिंडरों की मांग अचानक तीन गुना तक बढ़ गई है। सामान्य दिनों की तुलना में मांग में आई इस अप्रत्याशित बढ़ोतरी से गैस एजेंसियों और उपभोक्ताओं दोनों के सामने मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। अधिकारियों का मानना है कि मांग में यह उछाल काफी हद तक कृत्रिम है, जिसके कारण आपूर्ति व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। इससे निपटने के लिए सोमवार को रसोई गैस कंपनियों के एरिया मैनेजरों के साथ प्रशासन की बैठक होगी, जिसमें ताजा हालात से निपटने के उपायों पर चर्चा होगी।
गैस एजेंसियों के संचालकों के अनुसार सामान्य दिनों में जितने सिलिंडरों की खपत होती थी, उसके मुकाबले पिछले कुछ दिनों से बुकिंग की संख्या तेजी से बढ़ रही है। उपभोक्ता आने वाली स्थिति से बचने के लिए पहले ही सिलिंडर बुक करा रहे हैं, जबकि कुछ स्थानों पर एक साथ अधिक सिलिंडर लेने की कोशिश भी की जा रही है। इससे वास्तविक जरूरत वाले उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने में परेशानी हो रही है।
एजेंसी संचालकों का कहना है कि अचानक बढ़ी मांग के कारण वितरण का संतुलन बिगड़ गया है। हालांकि कंपनियों की ओर से लगातार आपूर्ति की जा रही है। फिलहाल सिलिंडरों की कमी नहीं है, लेकिन वितरण की व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए अनावश्यक मांग पर रोक लगानी होगी।
अधिकारियों के मुताबिक त्योहार के कारण सिलिंडरों की मांग में बढ़ोतरी पहले से बनी हुई है। त्योहार के दौरान रसोई गैस की खपत सामान्य दिनों की तुलना में अधिक हो जाती है। इसकी स्थिति को सामान्य करने में दो से तीन दिन का वक्त लगना है। इससे पहले ही संभावित कमी की आशंका में कुछ लोग सिलिंडर जमा करने लगे हैं। समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने रसोई गैस वितरण का काम देखने वाली पेट्रोलियम कंपनियों के एरिया मैनेजरों की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में वर्तमान हालात पर चर्चा करते हुए मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन बनाए रखने के उपायों पर चर्चा होगी।
अधिकारियों का कहना है कि बैठक में यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा कि वास्तविक उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सके और कृत्रिम मांग या जमाखोरी जैसी स्थिति पर रोक लगाई जा सके। इसके साथ ही जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सिलिंडरों की आपूर्ति बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा, ताकि उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो।