देवरिया। कोतवाली थाने में हत्या की कोशिश में नामजद एक अभियुक्त को पुलिस ने मंगलवार को बरई टोला विवेकानंद कॉलोनी से चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी में उसके पास से पांच हजार रुपये बरामद हुए। बाद में पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र के लंगड़ी देवरिया गांव निवासी अखिलेश कुशवाहा ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया था कि 24 जुलाई को उसके भाई अमरेश कुशवाहा को आरओ प्लांट पर मनीष जायसवाल व निर्भय चौरसिया के साथ अन्य दो-तीन व्यक्तियों ने शराब पीने के लिए पानी मांगा था। नहीं देने पर गोली मारकर घायल कर दिया था।
उस मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने कोतवाली क्षेत्र के बरईटोला गांव निवासी अभियुक्त निर्भय चौरसिया पुत्र विकास चौरसिया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया लेकिन दूसरा आरोपी मनीष जायसवाल फरार चल रहा था।
आरोपी के खिलाफ कोतवाली में चोरी समेत 12 मामलों में प्राथमिकी दर्ज है। मंगलवार को पुलिस ने मुखबीर की सूचना पर बरई टोला विवेकानंद काॅलोनी के एक निजी स्कूल के समीप से मनीष को भी गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने बताया कि हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे अभियुक्त मनीष को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।