दोस्त ने बिरयानी में जहर मिलाकर देने का आरोप, दो किशोरों की मौत
बघौचघाट (देवरिया)। बिहार के गोपालगंज जनपद के विजयीपुर के हल्दिया गांव के पास सोमवार की शाम को दोस्त के घर दावत खाने गए जनपद के दो किशोरों की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। आरोप है कि दोनों को उनके दोस्त ने ही बिरयानी में जहर मिलाकर खिला दिया था। हालत गंभीर होने पर दोनों किशोरों नेे मोबाइल फोन के जरिए घरवालों को उसकी जानकारी दी। पुलिस जांच में जुट गई है। अभी तक घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है।
बघौचघाट थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी किशन (15) व अजय (15) दोस्त थे। सोमवार की सुबह किशन और अजय बाइक से घर से कहीं जाने के लिए निकले थे। दोपहर में इन दोनों ने अपने परिवार के सदस्यों को मोबाइल फोन पर बताया कि उन्हें एक दोस्त ने बिरयानी में जहर मिलाकर खिला दिया है। बताया कि दोनों बिहार के गोपालगंज जनपद के विजयीपुर थाना क्षेत्र के पास हल्दिया पुल स्थित बगीचे में पड़े हैं। बताया कि बंधे पर ही उनकी बाइक खड़ी थी। शाहपुर गांव से हल्दिया पुल की दूरी करीब चार किलोमीटर है। घटना की जानकारी होने पर परिवार के लोग कुछ ही देर में मौके पर पहुंचे गए। वहां दोनों अचेत पड़े थे।
परिवार के लोग उन्हें विजयीपुर अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सक ने दोनों की गंभीर हालत देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अजय की रास्ते में ही मौत हो गई। किशन ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात में दम तोड़ दिया। किशन अपने तीन भाइयों में सबसे छोटे था। अजय तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। अजय अपने मामा के घर बाबूपट्टी रहकर पढ़ाई करता था। वह तीन दिन पूर्व अपने गांव आया था। किशन गांव के स्कूल में पढ़ता था।
सीओ श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। घटना बिहार में हुई है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। इसके बारे में बिहार पुलिस से भी जानकारी जुटाई जा रही है।