बरहज। नगरपालिका कार्यालय के सामने चाय की दुकान पर फोन-पे का सेट बॉक्स बदलने के बहाने जालसाजों ने दुकानदार के खाते से 43 हजार, जबकि दूसरी ओर परसियां तिवारी निवासी विनोद तिवारी पुत्र स्व.रामनगीना का एटीएम बदलकर जालसाजों ने उनके खाते से 60 हजार रुपये उड़ा दिया। पिछले तीन दिनों में जालसाजों द्वारा अलग-अलग खातों से रुपये उड़ाने जाने को लेकर लोगों में खलबली है।।
पुलिस को दिए तहरीर में दुकानदार विजय कुमार गुप्त पुत्र स्व.रामधनी ने कहा है कि दुकान पर दो युवकों ने फोन-पे कंपनी से सेट बॉक्स बदलने के लिए आना बताया। उनका कहना है कि दोनों ने मोबाइल लेकर मेरे भारतीय स्टेट बैंक के खाते से दो बार में एक-एक रुपये ट्रांसफर किया। इसी बीच खाते से 42630 रुपये ट्रांसफर कर लिए। हालांकि दोनों की फुटेज दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दूसरी ओर परिसयां तिवारी निवासी विनोद तिवारी बस स्टेशन स्थित एटीएम पर पैसा निकालने गये थे। लोगों के अनुसार वहां पहले से मौजूद एक शख्स ने सही करने के बहाने एटीएम बदल दिया। पैसा न निकलने के कुछ ही देर बाद उनके खाते से 60 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। हालांकि कुछ दिन पूर्व जालसाजों ने लबकनी बासु निवासी राजेंद्र राय के खाते से जालसााजों ने 1500 रुपये उड़ा दिया था। एसओ दिनेश कुमार मौर्य ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कराया जा रहा है। संवाद