संवाद न्यूज एजेंसी
तरकुलवा। एक जालसाज ने दो युवकों से फर्जी दस्तावेजों के सहारे सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 15 लाख रुपये हड़प लिए।
प्रशिक्षण के बाद जब विभाग ने युवकों के दस्तावेजों का सत्यापन कराया तो फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। इसके बाद विभाग ने दोनों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया। पीड़ित युवक पिछले छह माह से थाने में तहरीर देकर जालसाज से रुपये वापस कराने व केस दर्ज कर कार्रवाई के लिए चक्कर काट रहे हैं।
जानकारी केे अनुसार, कुशीनगर जिले के चौरा खास थाना क्षेत्र के ग्राम खैरटिया निवासी बृजेश कुमार यादव व बिहार प्रांत के कटेया थाना क्षेत्र के ग्राम रानीपुर निवासी अनिरुद्ध यादव ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि ढाई साल पहले उनकी मुलाकात थाना क्षेत्र के दुबेटोला निवासी एक शख्स से हुई।
आरोपी ने उनसे सशस्त्र सीमा सुरक्षा बल में नौकरी दिलाने के लिए साढ़े सात-साढ़े सात लाख रुपये मांगे। युवक आरोपी के झांसे में आ गए। उन्होंने जालसाज को 1.30-1.30 लाख रुपये उसके खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए और 6.20-6.20 लाख रुपये नकद दिए। दोनों युवकों से 15 लाख रुपये लेने के बाद वर्ष 2023 में आरोपी ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनकी सशस्त्र सुरक्षा बल में नौकरी लगवा दी। दोनों ने राजस्थान के अलवर में 11 माह की ट्रेनिंग पूरी की । इसके बाद बहराइच जिले के नानपारा में उनकी तैनाती हो गई। दोनों युवक वहां ड्यूटी करने लगे।
एक साल नौकरी करने के बाद जब विभाग ने उनके मूल दस्तावेजों का सत्यापन कराया तो उनके निवास प्रमाणपत्र समेत कई कागजात फर्जी निकले। विभाग ने कार्रवाई करते हुए जनवरी 2025 में दोनों युवकों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया।
आरोप है कि अब जालसाज उनके रुपये वापस करने में आनाकानी कर रहा है। थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। जल्द ही केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।