ग्राम विकास अधिकारी बन फोन करने वाले जालसाज को पकड़ा
गांव का नया सेक्रेटरी बता आवास दिलाने को प्रधान से मांगे थे रुपये
जालसाज को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही है पूछताछ
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर कारखाना। देसही देवरिया ब्लॉक के एक गांव के प्रधान को एक युवक ने गांव का नया ग्राम विकास अधिकारी बता कर हेतिमपुर चौराहे पर बुलाया। उसने प्रधान से आवास की सूची आज ही भेजने के लिए कुछ रुपये की मांग की। प्रधान ने सेक्रेटरी को फोन लगाकर स्थानांतरण की बात पूछ ली। मामला खुल जाने पर ग्राम प्रधान और सेक्रेटरी ने जालसाज को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस युवक को हिरासत में लेक र पूछताछ कर रही है।
देसही देवरिया विकास खंड की अटरिया ग्राम पंचायत के गुलाब प्रसाद प्रधान हैं। बुधवार की दोपहर उनके मोबाइल नंबर पर एक व्यक्ति की कॉल आई। उसने अपने को गांव का नया ग्राम विकास अधिकारी नियुक्त होने की जानकारी दी। आरोपी ने ग्राम प्रधान से आवास की सूची तत्काल भेजने के लिए कुछ रुपये सहित हेतिमपुर चौराहे पर बुलाया। ग्राम प्रधान हेतिमपुर पहुंच गए। खुद को नया सेक्रेटरी बताने वाले व्यक्ति पर ग्राम प्रधान गुलाब प्रसाद को संदेह हुआ। उन्होंने गांव के सेक्रेटरी सज्जन कुमार को फोन लगा दिया। इस पर जालसाज घबरा गया। सज्जन कुमार ने उसे रोकने को कहा और खुद हेतिमपुर पहुंच गए। दोनों ने जालसाज से पूछताछ की और उसे लेकर खंड विकास कार्यालय पहुंचे। देसही देवरिया बीडीओ ओमप्रकाश प्रजापति ने भी आरोपी व्यक्ति से पूछताछ की और इंस्पेक्टर जयंत कुमार सिंह को मामले की जानकारी दी। थानेदार ने तत्काल दरोगा को भेजकर खंड विकास कार्यालय से जालसाज को हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर जयंत कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान और सेक्रेटरी ने तहरीर दी है। छानबीन कर कार्रवाई की जाएगी।