संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। शहर के न्यू काॅलोनी में तीन भाई कोटे की दुकान चलाते हैं। अनाज वितरण में धांधली के अलावा परिवार के 14 लोगों का अंत्योदय कार्ड बनवाने का आरोप हैं। इस मामले में पुलिस ने रविवार को तीनों कोटेदारों समेत 16 लोगों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
पूर्व में कराई गई जांच में आपूर्ति विभाग ने लीपापोती कर दूसरे परिवार का बताकर अंत्योदय कार्ड निरस्त नहीं किए थे। न्यू काॅलोनी निवासी वाजिद अली ने शिकायत पत्र में कहा है कि गरुड़पार मोहल्ले के अली अहमद, मकसूद अहमद, समीम अहमद तीनों भाई कोटे की दुकान संचालित करते हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि अनाज वितरण में धांधली कर अकूत संपत्ति अर्जित की है। जिला आपूर्ति कार्यालय में शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसके बाद वाजिद अली साक्ष्य के साथ कोर्ट चले गए थे। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने रविवार को अली अहमद, मकसूद अहमद, समीम अहमद, नाजमा अंसारी, सालेहा खातून, नर्गीश खातून, हिना तरन्नूम, शकिला खातून, जरीना खातूना, अहदून निशा, शबनम परवीन, फरीदा खातूनू, रेयाज अंसारी, जुबैदा खातून, शदाब आलम, रजिया खातून पर धोखाधड़ी का केस दर्ज दिया है।
कोतवाल विनोद सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है।